Seattle Food Festival Shooting | Space Needle Incident News

Seattle Food Festival Shooting | Space Needle Incident News


सिएटल17 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

अमेरिका के सिएटल में एक फूड फेस्टिवल के दौरान फायरिंग में 2 लोगों की मौत हो गई। बच्चे समेत 5 लोग घायल हो गए। घटना सिएटल के स्पेस नीडल के पास आयोजित ‘बाइट ऑफ सिएटल’ फेस्टिवल के आखिरी घंटों में हुई। सिएटल फायर डिपार्टमेंट की प्रवक्ता ग्रेस नुनेज ने इसकी जानकारी दी।

फायरिंग रविवार शाम करीब 6 बजे हुई। पुलिस ने इलाके की जांच शुरू कर दी और लोगों से शहर के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में स्थित घटनास्थल के पास नहीं जाने की अपील की। अभी यह साफ नहीं है कि इस मामले में किसी को हिरासत में लिया गया है या नहीं।

फेस्टिवल में पहुंचे एक शख्स ने बताया कि हम एक फूड स्टॉल से खाने का सामान लेकर लौट रहे थे, उसी दौरान गोलीबारी हुई।

सिएटल में रविवार को ‘बाइट ऑफ सिएटल’ फूड फेस्टिवल के दौरान हुई फायरिंग के बाद घटनास्थल पर तैनात फोर्स।

घायलों में एक महिला की हालत गंभीर

सिएटल फायर डिपार्टमेंट की प्रवक्ता ग्रेस नुनेज के मुताबिक, फायरिंग में मारे गए दोनों लोगों की मौत मौके पर ही हो गई। 5 घायलों को हार्बरव्यू मेडिकल सेंटर ले जाया गया।

घायलों में 56 साल की महिला की हालत गंभीर है। 2 साल का बच्चा, 23 साल का युवक और 39 साल की महिला की हालत स्थिर बताई गई है। वहीं 40 साल की एक महिला को मामूली चोटें आई हैं।

सिएटल सेंटर में रविवार को ‘बाइट ऑफ सिएटल’ फूड फेस्टिवल के दौरान हुई फायरिंग के बाद मौके पर पहुंची पुलिस।

फायरिंग के बाद बड़ी संख्या में पुलिस और इमरजेंसी टीमें मौके पर पहुंचीं। उन्होंने सिएटल सेंटर इवेंट्स कैंपस के आसपास का इलाका खाली कराना शुरू किया। अधिकारियों ने अभी यह नहीं बताया कि फेस्टिवल के किस हिस्से में फायरिंग हुई। इस आयोजन में खुले और इनडोर, दोनों तरह के क्षेत्र शामिल थे।

गवर्नर बोले- SWAT टीम मदद के लिए तैनात

वॉशिंगटन के गवर्नर बॉब फर्ग्यूसन ने कहा कि घटना को लेकर मुझे लगातार जानकारी दी जा रही है। स्थानीय पुलिस की मदद के लिए स्टेट पेट्रोल SWAT अधिकारियों को भी तैनात किया गया है।

फर्ग्यूसन ने एक बयान में कहा, ‘मेरी संवेदनाएं पीड़ितों के परिवारों और उन सभी लोगों के साथ हैं, जो लोगों को सुरक्षित रखने के लिए काम कर रहे हैं।’

लोग खाने का सामान लेकर आ रहे थे, तभी गोलियां चलीं

फेस्टिवल में मौजूद फेथ एडिया हंटर ने बताया कि मैं और मेरा दोस्त एक स्टॉल से खाना लेकर लौटे ही थे, तभी फायरिंग शुरू हो गई। हमें एहसास हुआ कि शूटर हमारे पास ही था।

हंटर ने ये भी बताया, ‘जब यह शुरू हुआ, तब हम उसके ठीक पास थे। हम भागे और भीड़ के साथ बिल्डिंग के अंदर चले गए। मैं और कुछ अन्य लोग पास के सिएटल चिल्ड्रन्स म्यूजियम में जाकर छिप गए।’

फायरिंग के बाद मची अफरा-तफरी में कई फूड वेंडर अपने स्टॉल छोड़कर बाहर की ओर भाग गए। घटना के कुछ घंटे बाद भी कुछ वेंडर पुलिस की घेराबंदी के बाहर खड़े रहे और इंतजार करते रहे कि उन्हें अपने टेंट, खाना और खाना बनाने का सामान लेने के लिए वापस जाने की अनुमति कब मिलेगी।

वेंडर ने कहा- पहले पटाखे जैसी आवाज सुनाई दी

फेस्टिवल में वेंडर रॉबर्टो रामिरेज ने बताया कि उन्हें पहले पटाखे जैसी आवाज सुनाई दी। इसके बाद लोगों ने चिल्लाना शुरू कर दिया कि गोली चलाने वाला मौजूद है और लोग घबराकर भागने लगे।

रामिरेज ने कहा, ‘अचानक सब कुछ खाली हो गया। लोग बहुत डरे हुए थे। शुरुआती अफरा-तफरी के बाद भी कुछ नए लोग फेस्टिवल में पहुंचते रहे। उन्हें घटना की जानकारी नहीं थी।’

फेस्टिवल में मौजूद एस्टन वाकोनाबो अपनी गर्लफ्रेंड के साथ फोटो बूथ की लाइन में खड़े थे। तभी किसी ने उन्हें पीछे से धक्का दिया। उन्होंने मुड़कर देखा तो लोगों की भीड़ तेजी से भाग रही थी।

वाकोनाबो ने बताया, ‘लोग छिप रहे थे, एक-दूसरे को धक्का दे रहे थे और जमीन पर गिर रहे थे। तभी मैंने गोलियों की आवाज सुनी।’

वाकोनाबो ने अपनी गर्लफ्रेंड को सुरक्षित जगह पहुंचाने के बाद दोबारा घटनास्थल की ओर जाने की बात कही। उनके मुताबिक, वहां उन्होंने कई घायलों को जमीन पर पड़े देखा और उनकी तस्वीरें भी लीं।

सिएटल सांसद प्रमिला जयपाल ने घटना की निंदा की

सिएटल की कांग्रेसवुमन प्रमिला जयपाल।

सिएटल का प्रतिनिधित्व करने वाली कांग्रेसवुमन प्रमिला जयपाल ने सिएटल सेंटर में हुई फायरिंग की निंदा की। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘हमारी संवेदनाएं इस बेवजह की हिंसा से प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं।’

जयपाल ने बताया कि वह सिएटल की मेयर केटी विल्सन और गवर्नर बॉब फर्ग्यूसन के संपर्क में हैं। स्थिति की जानकारी जुटाने के लिए सरकार के अलग-अलग स्तरों के बीच समन्वय किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जांच जारी रहने तक वे इलाके से दूर रहें।

1982 से हो रहा है फूड फेस्टिवल

सिएटल के फूड फेस्टिवल में हर साल लाखों लोग शामिल होते हैं।

‘बाइट ऑफ सिएटल’ फूड फेस्टिवल की शुरुआत 1982 में हुई थी। फेस्टिवल की वेबसाइट के मुताबिक 3 दिन चलने वाले इस आयोजन में खाने-पीने की चीजों के साथ अलग-अलग तरह के कार्यक्रम होते हैं। इसमें करीब 3.5 लाख लोग इसमें शामिल होते हैं।

——————

अमेरिका में फायरिंग से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…

अमेरिका की सैन डिएगो मस्जिद में गोलीबारी, 5 की मौत

अमेरिका के सैन डिएगो स्थित मस्जिद में गोलीबारी में 5 लोगों की मौत हो गई थी। इनमें एक सिक्योरिटी गार्ड और दो संदिग्ध शामिल थे। पुलिस के मुताबिक दोनों संदिग्ध किशोर थे। एक की उम्र 17 साल और दूसरे की 19 साल थी। दोनों के शव मस्जिद के पास एक वाहन में मिले थे। पूरी खबर पढ़ें…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!