Swiggy Instamart HPCL LPG Cylinder Delivery Launch

Swiggy Instamart HPCL LPG Cylinder Delivery Launch


बेंगलुरु10 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

गैस सिलेंडर की क्विक डिलीवरी के लिए क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म के साथ हुई यह देश की पहली पार्टनरशिप है।

स्विगी के क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म इंस्टामार्ट ने LPG सिलेंडर की डिलीवरी शुरू करने के लिए हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के साथ पार्टनरशिप का ऐलान किया है। इसके तहत अब ग्राहक सीधे इंस्टामार्ट ऐप के जरिए ऑन-डिमांड LPG गैस सिलेंडर ऑर्डर कर सकेंगे।

बुधवार, 15 जुलाई को दोनों कंपनियों ने इस सर्विस को लॉन्च करने की जानकारी दी। गैस सिलेंडर की क्विक डिलीवरी के लिए क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म के साथ हुई यह देश की पहली पार्टनरशिप है। शुरुआती फेज में इस सर्विस को कर्नाटक के बेंगलुरु में रोलआउट किया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिलेंडर की डिलीवरी 30 से 45 मिनट में की जा सकती है।

10 kg का नया ‘HP नव्या’ और 5 kg का सिलेंडर मिलेगा

इस पार्टनरशिप के जरिए ग्राहक इंस्टामार्ट ऐप पर HPCL के दो तरह के सिलेंडर ऑर्डर कर सकेंगे। इसमें हाल ही में लॉन्च किया गया कंपनी का ‘HP नव्या’ 10 किलोग्राम का कंपोजिट LPG सिलेंडर शामिल है।

इसके अलावा ग्राहक ऐप के जरिए HPCL का ट्रेडिशनल 5 किलोग्राम वाला लोहे का LPG सिलेंडर भी बुक कर सकेंगे।

बिना किसी पुराने कनेक्शन के भी बुकिंग कर सकेंगे

कंपनियों ने जानकारी दी है कि ग्राहकों को इंस्टामार्ट के जरिए इन गैस सिलेंडरों को खरीदने के लिए पहले से किसी भी प्रकार के घरेलू LPG गैस कनेक्शन की जरूरत नहीं होगी।

यह उन लोगों के लिए बेहद सुविधाजनक होगा जो नए शहर में शिफ्ट हुए हैं या जिन्हें तुरंत गैस सिलेंडर की जरूरत है।

जानिए क्या है ऑर्डर और रिफिल की प्रोसेस

  • पहला ऑर्डर: यदि कोई ग्राहक पहली बार ऐप से सिलेंडर बुक करता है, तो इसे नए सिलेंडर की खरीद माना जाएगा। पहली बार खरीदने पर ग्राहक का आइडेंटिटी वेरिफिकेशन किया जाएगा और डिलीवरी प्रूफ से जुड़े जरूरी दस्तावेज लिए जाएंगे।
  • रिफिल ऑर्डर: पहली बार के बाद जब भी ग्राहक दोबारा सिलेंडर बुक करेंगे, तो डिलीवरी के समय उन्हें अपना पुराना खाली HPCL सिलेंडर डिलीवर करने वाले कर्मचारी को सौंपना होगा।

अब सवाल-जवाब में जानें इससे जुड़ी जरूरी बातें…

सिलेंडर इंस्टामार्ट का होगा या HP का?

सिलेंडर पूरी तरह से HP का ही होगा। स्विगी इंस्टामार्ट यहां सिर्फ एक टेक-इनेबल्ड डिलीवरी प्लेटफॉर्म की तरह काम कर रहा है। ग्राहक इंस्टामार्ट ऐप के जरिए ऑर्डर बुक करेंगे, लेकिन गैस और सिलेंडर HPCL के ही होंगे।

सिलेंडर की कीमत क्या होगी और रिफिलिंग चार्ज क्या होंगे?

कंपनियों के ऐलान में अभी सटीक कीमतों और डिलीवरी/रिफिलिंग चार्ज का खुलासा नहीं किया गया है। चूंकि यह कॉमर्शियल और घरेलू गैस नियमों के तहत आता है, इसलिए नए 10 kg ‘HP नव्या’ कंपोजिट सिलेंडर और 5 kg मेटल सिलेंडर की मूल कीमत सरकारी दरों और HPCL के मानक नियमों के अनुसार ही तय होगी।

इसके अलावा, इंस्टामार्ट ऐप पर क्विक डिलीवरी के लिए कुछ अतिरिक्त कॉन्विनिएंस या डिलीवरी चार्ज जोड़े जा सकते हैं, जिसकी स्पष्ट जानकारी ऐप पर बुकिंग के समय ही लाइव होगी।

HP ने टाई-अप के लिए इंस्टामार्ट को ही क्यों चुना?

स्विगी इंस्टामार्ट भारत के 131 से ज्यादा शहरों में फैला हुआ है और इसके पास एक बेहद मजबूत डिजिटल और डिलीवरी नेटवर्क है। HPCL के मार्केटिंग डायरेक्टर अमित गर्ग के अनुसार, बदलते दौर में ग्राहकों की जरूरतें बदल रही हैं और वे हर चीज तुरंत चाहते हैं।

इंस्टामार्ट के जरिए HPCL को एक नया टेक-इनेबल्ड चैनल मिला है, जिससे वे युवाओं, नए शहर में शिफ्ट होने वाले लोगों और डिजिटल फ्रेंडली ग्राहकों तक तेजी से पहुंच बना सकते हैं।

डिलीवरी के दौरान सेफ्टी की जिम्मेदारी किसकी होगी?

सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी HPCL के ऑथराइज्ड डिस्ट्रीब्यूटर नेटवर्क और उनके प्रोफेशनल डिलीवरी स्टाफ की होगी। इंस्टामार्ट के CEO अमितेश झा ने कहा कि क्विक कॉमर्स ऐप से बुकिंग होने के बावजूद सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। ग्राहकों के ऑर्डर सीधे HPCL के ऑथराइज्ड डिस्ट्रीब्यूटर नेटवर्क से पूरे किए जाएंगे।

सिलेंडरों की डिलीवरी सामान्य स्विगी राइडर्स नहीं, बल्कि HPCL के ट्रेंड और प्रोफेशनल डिस्ट्रीब्यूटर स्टाफ ही करेंगे, जो सभी लागू सेफ्टी और रेगुलेटरी नियमों का पालन करने के लिए जिम्मेदार होंगे।

क्या अन्य गैस कंपनियां भी इसे फॉलो कर सकती हैं?

जी हां, बिल्कुल कर सकती हैं। भारत में क्विक कॉमर्स का बाजार बहुत तेजी से बढ़ रहा है। HPCL और इंस्टामार्ट की यह पार्टनरशिप देश में अपनी तरह का पहला और पायलट यानी शुरूआती प्रोजेक्ट है। अ

गर बेंगलुरु में यह मॉडल सफल रहता है, तो कॉम्पिटिशन को देखते हुए इंडेन और भारत गैस जैसी अन्य बड़ी सरकारी व निजी कंपनियां भी ब्लिंकिट या जेप्टो जैसे प्लेटफॉर्म्स के साथ इस तरह की पार्टनरशिप कर सकती हैं।

डिजिटल प्लेटफॉर्म से ग्राहकों की पहुंच बढ़ेगी

HPCL के मार्केटिंग डायरेक्टर अमित गर्ग ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म से ग्राहकों की पहुंच बढ़ेगी। इंस्टामार्ट ने ग्रॉसरी से आगे बढ़कर अब ग्राहकों के रोजमर्रा के जीवन का हिस्सा बनने के लिए अपनी सर्विसेज का काफी विस्तार किया है। साथ मिलकर हम उसी सुविधा को एक और जरूरी घरेलू सर्विस तक पहुंचा रहे हैं। हम ग्राहकों की सुरक्षा और भरोसे से समझौता किए बिना LPG डिलीवरी को इंस्टामार्ट पर लेकर आए हैं।

ग्राहकों की जरूरतें बदल रही हैं और हम उनके लिए लगातार नए समाधान ला रहे हैं। हमारा उद्देश्य डिजिटल रूप से सक्षम प्लेटफॉर्म के जरिए देश के लोगों के लिए LPG गैस की पहुंच को आसान बनाना है। साथ ही सुरक्षा, विश्वास और विश्वसनीयता के उसी मानक को बनाए रखना है जो हमेशा से HP गैस के साथ जुड़ा रहा है।

बेंगलुरु के बाहर सर्विस कब मिलेगी, अभी तय नहीं

वर्तमान में स्विगी इंस्टामार्ट भारत के 131 से ज्यादा शहरों में 50,000 से ज्यादा एसकेयू (SKUs) यानी प्रोडक्ट्स की डिलीवरी करता है। एलपीजी डिलीवरी सेगमेंट में उतरना कंपनी के लिए हाई-ट्रस्ट कैटेगरीज में एंट्री का हिस्सा है।

वहीं HPCL के लिए यह साझेदारी अपने डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क को एक नए टेक-इनेबल्ड चैनल में विस्तार देने जैसी है। दोनों कंपनियों ने फिलहाल बेंगलुरु से बाहर इस सर्विस को बढ़ाने की टाइमलाइन शेयर नहीं की है।

क्या होता है ‘कंपोजिट’ सिलेंडर?

ट्रेडिशनल गैस सिलेंडर भारी लोहे या स्टील के बने होते हैं, जिनका वजन खाली होने पर भी काफी ज्यादा होता है। इसके विपरीत, कंपोजिट सिलेंडर तीन परतों वाले फाइबरग्लास मटीरियल से बने होते हैं।

ये जंगरोधी होते हैं और इनमें जंग लगने की वजह से गैस लीक होने का खतरा नहीं रहता। हल्के होने के साथ-साथ इनका लुक भी मॉडर्न होता है, जिससे यह शहरी घरों और आधुनिक किचन के लिए बेहतर होते हैं।

ये खबर भी पढ़ें…

UK की व्हिस्की, कारें और ब्यूटी प्रोडक्ट्स सस्ते मिलेंगे: भारत-UK के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट आज से लागू, जानें किन चीजों के दाम बदलेंगे

भारत में UK की कारें, व्हिस्की, कपड़े और फुटवियर आज से सस्ते मिलेंगे। आज से भारत-UK के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट लागू हो गया है। यानी अब भारत के 99% सामानों को UK में जीरो टैरिफ पर निर्यात किया जाएगा। वहीं UK के 99% सामान 3% एवरेज टैरिफ पर आयात होंगे। पूरी खबर पढ़ें…

खबरें और भी हैं…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!