Taimur Name Controversy | Saif Kareena Statements Comparison
28 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
सैफ और करीना के दो बेटे तैमूर और जहांगीर (प्यार से उन्हें ‘जेह’ कहा जाता है) हैं।
सैफ अली खान के बड़े बेटे तैमूर अली खान का नाम फिर चर्चा में आ गया है। हाल ही में एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि तैमूर नाम उन्हें उनके पड़ोस में रहने वाले एक बच्चे से प्रेरित होकर सूझा था। हालांकि, उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने सैफ और करीना के पुराने इंटरव्यू सामने लाकर दोनों के बयानों की तुलना शुरू कर दी।
बरखा दत्त के साथ बातचीत में सैफ ने कहा, “मैं सच कहूं तो मुझे कभी समझ नहीं आया कि नाम को लेकर इतना विवाद क्यों हुआ। बचपन में हमारे पड़ोस में भी इसी नाम का एक बच्चा रहता था। मुझे तो हमेशा लगा कि इस नाम का मतलब आयरन (लोहा) होता है। हमें यह नाम अच्छा लगा, इसलिए मैंने और करीना ने इसे चुना। हमें बिल्कुल भी नहीं पता था कि कुछ लोग इसे भारत पर हमला करने वाले एक पुराने तुर्क शासक के नाम से जोड़ेंगे और इसे नेगेटिव मानेंगे।
उन्होंने आगे कहा, “मेरा मानना है कि इतनी पुरानी बातों को छोड़ देना चाहिए। जब हमने अपने बेटे का नाम रखा था, तब हमारे मन में ऐसा कोई विचार नहीं था। हमारी कोशिश सिर्फ इतनी है कि तैमूर एक अच्छा इंसान बने, सही संस्कारों के साथ बड़ा हो और अपने काम से लोगों का नाम रोशन करे।”
तैमूर के साथ सैफ और करीना की पुरानी तस्वीर।
करीना के पुराने इंटरव्यू की हो रही चर्चा
सैफ के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर करीना कपूर के एक पुराने इंटरव्यू की क्लिप वायरल होने लगी। कई यूजर्स दावा करने लगे कि नाम को लेकर सैफ और करीना के बयान अलग-अलग हैं।
यूजर की पोस्ट।
दरअसल, इंटरव्यू में जब करीना से पूछा गया था कि तैमूर का नाम किसने रखा, तो उन्होंने कहा था, “जाहिर है, यह सैफ ही थे। उन्हें इतिहास बहुत पसंद है… जिन योद्धाओं को वे पसंद करते हैं, उनके बारे में वे बहुत अच्छी तरह और विस्तार से बात करते हैं। वे उनके बारे में पढ़ते भी हैं और मुझे लगता है कि वे मंगोल तैमूर के फैन थे…”
हालांकि, उसी इंटरव्यू में करीना ने भी पड़ोसी वाली बात कही थी। एक्ट्रेस ने कहा था कि सैफ के पड़ोस में तैमूर नाम का एक लड़का रहता था, जिससे वे प्रभावित थे और यह नाम उनके मन में रह गया। उन्होंने कहा कि ‘तैमूर’ का मतलब ‘लोहा’ होता है और उन्हें यह नाम मजबूत व्यक्तित्व का प्रतीक लगा। इसी वजह से उन्होंने अपने बेटे के लिए यह नाम चुना।
नाम को लेकर हुआ था विवाद
20 दिसंबर 2016 को सैफ और करीना के बेटे तैमूर का जन्म हुआ था। नाम पब्लिक होने के बाद सोशल मीडिया पर इसे मध्य एशियाई शासक तैमूर से जोड़कर विवाद शुरू हो गया था। उस समय सैफ और करीना को आलोचना का सामना करना पड़ा था।
तैमूर अली खान वर्तमान में 9 साल के हैं और मुंबई के धीरूभाई अंबानी इंटरनेशनल स्कूल में पढ़ाई कर रहे हैं।
वहीं, विवाद बढ़ने पर सैफ ने बेटे का नाम बदलकर ‘फैज’ रखने का भी विचार किया था। इसके लिए उन्होंने एक प्रेस नोट का ड्राफ्ट भी तैयार कर लिया था। लेकिन करीना ने नाम बदलने से साफ इनकार कर दिया। उनका कहना था कि लोगों के दबाव में आकर फैसला नहीं लेना चाहिए। बाद में सैफ ने भी नाम बदलने का फैसला छोड़ दिया।
……….
तैमूर से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें…
बच्चों की परवरिश पर बोले सैफ अली खान: तैमूर और जेह को सिखाता हूं, भगवान एक है; तैमूर के जवाब से हैरान हुए एक्टर
बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान ने अपनी पत्नी करीना कपूर और दोनों बेटों, तैमूर और जेह की परवरिश को लेकर खुलकर बात की है। वी द वीमेन इवेंट में सैफ ने बताया कि वे अपने बच्चों को धर्म को लेकर एक खुला नजरिया देना पसंद करते हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें..

