अबोहर में 42 लाख रुपए में बने मैदान का लोकार्पण:आप हल्का इंचार्ज नारंग बोले- युवाओं को नशे से दूर कर खेलों से जोड़ना लक्ष्य
अबोहर के गांव तूतवाला में 42 लाख रुपए की लागत से बने आधुनिक खेल मैदान का लोकार्पण आम आदमी पार्टी (आप) के हल्का इंचार्ज अरुण नारंग ने किया। यह मैदान राज्य सरकार की उस पहल का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर कर खेलों से जोड़ना है। राज्य सरकार पूरे प्रदेश में ऐसे करीब 3000 खेल मैदान तैयार कर रही है। यह पहल युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए मंच प्रदान करने पर केंद्रित है। नारंग ने बताया कि लगभग 3 एकड़ सरकारी जमीन पर विकसित किए गए इस खेल मैदान में युवाओं के लिए कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें क्रिकेट ग्राउंड, फुटबॉल और वॉलीबॉल मैदान, बैडमिंटन कोर्ट, दौड़ और सैर के लिए ट्रैक, साथ ही बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले भी शामिल हैं।उन्होंने इस अवसर पर कहा कि खेल मैदान केवल खेलने की जगह नहीं होते, बल्कि ये युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास का आधार होते हैं। ग्रामीणों ने व्यक्त किया CM का आभार सरकार की इस पहल से खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और वे खेलों के माध्यम से अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन कर सकेंगे। इस दौरान उपस्थित ग्रामीणों ने अरुण नारंग और मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से ऐसे खेल मैदान की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जो अब पूरी हो गई है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि इस मैदान से आने वाले समय में नई खेल प्रतिभाएं उभरकर सामने आएंगी। नारंग ने युवाओं से अपील की कि वे खेलों को अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाएं। उन्होंने जोर दिया कि ऐसा करने से वे स्वस्थ जीवन के साथ-साथ अपने उज्ज्वल भविष्य की ओर भी कदम बढ़ा सकेंगे।
Source link

