अर्की में विवाद में महिला की मौत:बीच-बचाव करने पहुंची थी, धक्का लगने से 10 फीट नीचे गिरी, आरोपी युवक गिरफ्तार
सोलन जिले के अर्की उपमंडल की ग्राम पंचायत शहरोल के गांव कुईरू में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद में बीच-बचाव करने पहुंची एक महिला की 10 फीट नीचे गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर मंगलवार को अर्की न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुरानी रंजिश में रास्ते में रोका, गला दबाकर किया हमले का प्रयास सोलन के पुलिस अधीक्षक (SP) एस.डी. वर्मा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि मृतका मीना देवी के बेटे शुभम ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, सोमवार शाम करीब 7 बजे शुभम घर के पास टहलने निकला था। रात लगभग 9 बजे जब वह वापस लौट रहा था, तो रास्ते में गांव का ही रहने वाला अनु (44) पुत्र विजय सिंह मिला। शुभम का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते अनु ने अचानक उसका गला पकड़ लिया। शुभम किसी तरह खुद को छुड़ाकर वहां से भागा और फोन करके अपनी मां मीना देवी तथा पत्नी दीक्षा को मौके पर बुलाया। जेब से निकाली शराब की बोतल, धक्का देने से 10 फीट नीचे गिरीं मीना देवी जब परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और झगड़े का कारण पूछने लगे, तो आरोपी अनु ने दोबारा शुभम का गला पकड़ लिया और अपनी जेब से शराब की बोतल निकालकर हमला करने की कोशिश की। हालांकि, बचाव के दौरान बोतल सड़क पर गिरकर टूट गई। इसी बीच, शुभम को छुड़ाने के लिए जब उसकी मां मीना देवी और पत्नी दीक्षा आगे आईं, तो आरोपी ने उन्हें ज़ोरदार धक्का दे दिया। धक्का लगने से मीना देवी पास में बने एक मकान के आंगन में लगभग 10 फीट नीचे जा गिरीं, जिससे उनके सिर और नाक पर गंभीर चोटें आईं और उनकी मौत हो गई। धक्का लगने से दीक्षा भी सीढ़ियों के पास गिरकर चोटिल हो गईं। आरोपी गिरफ्तार, पुलिस जांच में जुटी पुलिस ने पीड़ित शुभम की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी अनु को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि न्यायालय से आरोपी का तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है और घटना के संबंध में आगे की गहन छानबीन जारी है।
Source link

