उकलाना MLA नरेश सेलवाल ने भाजपा को घेरा:बोले- पहचान से छेड़छाड़ मंजूर नहीं; अपना कदम वापस ले सरकार
हिसार जिले के उकलाना से कांग्रेस विधायक नरेश सेलवाल ने भाजपा सरकार पर दलित समाज की ऐतिहासिक पहचान और विरासत से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाते हुए सरकार की कथित पहल पर कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा 23 अगस्त को बावल में आयोजित जनसभा में दलित जाति का नाम बदलकर मेघवाल करने के लिए केंद्र सरकार को पत्र लिखने की घोषणा चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि किसी समाज की ऐतिहासिक पहचान में बदलाव का प्रयास उसकी भावनाओं और विरासत से जुड़ा गंभीर विषय है। देश की प्रगति में अहम भूमिका निभाई विधायक सेलवाल ने कहा कि दलित समाज का देश के निर्माण, सामाजिक उत्थान और स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। समाज ने संघर्ष, मेहनत और समर्पण के बल पर देश की प्रगति में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास का जीवन समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश देता है तथा दलित समाज की ऐतिहासिक पहचान गुरु रविदास जी की विरासत से गहराई से जुड़ी हुई है। किसी अन्य का नाम जोड़ना स्वीकार नहीं उन्होंने कहा कि संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर का योगदान भी देश के इतिहास का अभिन्न हिस्सा है। उनके विचारों और सामाजिक न्याय के संघर्ष को भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि दलित समाज की अपनी गौरवशाली पहचान और ऐतिहासिक विरासत है, जिसे किसी अन्य नाम से जोड़ने या बदलने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा। अंग्रेजी शासन के दौर में दलित रेजीमेंट के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए सेलवाल ने कहा कि समाज की पहचान और इतिहास को लेकर किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ भावनाओं को आहत कर सकती है। उन्होंने सरकार से ऐसे कदमों से बचने की मांग की, जिनसे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो। संवैधानिक अधिकारों का ध्यान रखना चाहिए विधायक ने आरोप लगाया कि हरियाणा में मेघवाल समाज के डीएससी श्रेणी में होने के बावजूद दलित समाज को मेघवाल नाम देने की कवायद के पीछे सामाजिक एवं आरक्षण व्यवस्था को प्रभावित करने की मंशा हो सकती है। सरकार को इस विषय पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और किसी भी निर्णय से पहले संबंधित समाजों की भावनाओं एवं संवैधानिक अधिकारों का ध्यान रखना चाहिए। नरेश सेलवाल ने कहा कि दलित समाज शिक्षित, जागरूक और अपने अधिकारों तथा इतिहास के प्रति सजग है। उन्होंने भाजपा सरकार पर समाजों को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार को सामाजिक विभाजन पैदा करने वाले कदमों से बचना चाहिए। समाज को बांटने की राजनीति बंद करे सरकार उन्होंने कहा, “दलित समाज के इतिहास, पहचान और सम्मान के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार को समाज को बांटने और इतिहास बदलने की राजनीति बंद करनी चाहिए। सेलवाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सामाजिक न्याय, समानता और संविधान की मूल भावना के लिए लगातार संघर्ष करती रही है और आगे भी समाज के अधिकारों एवं सम्मान की रक्षा के लिए मजबूती से आवाज उठाती रहेगी।
Source link

