उमरिया में खेतों तक पहुंचा जंगली हाथी, फसलों को नुकसान:बीटीआर की टीम ने तीन दिन से निगरानी कर जंगल में खदेड़ा
उमरिया के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पतौर परिक्षेत्र स्थित कसेरु गांव में पिछले तीन दिनों से जंगली हाथी की आवाजाही देखी जा रही है। यह हाथी जंगल से निकलकर खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, टेढ़े दांत वाला यह हाथी जंगल से गांव की ओर आता है और फसलों को क्षति पहुंचाता है। रविवार रात को भी हाथी कसेरु गांव के पास खेतों में घुस गया और फसलों को नुकसान पहुंचाया। हाथी की लगातार उपस्थिति से ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। टीम लगातार हाथी की निगरानी में जुटी वन विभाग की टीम लगातार हाथी की निगरानी कर रही है। टीम की सक्रियता के कारण हाथी को गांव के भीतर आने से पहले ही जंगल की ओर खदेड़ दिया जाता है। वन विभाग ने बताया कि अब तक हाथी ने बड़े पैमाने पर फसलों को नुकसान नहीं पहुंचाया है। पतौर परिक्षेत्र बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में आता है, जिसके कारण यहां जंगली हाथियों की आवाजाही अधिक रहती है। वन विभाग हाथियों के झुंड के साथ-साथ अकेले घूमने वाले हाथियों पर भी विशेष नजर रखता है। वन विभाग से हाथी को जंगल छोड़ने की अपील परिक्षेत्र अधिकारी राहुल किरार ने जानकारी दी कि हाथियों की निगरानी के लिए एक विशेष टीम तैनात की गई है। इसके अतिरिक्त, परिक्षेत्र स्तर पर भी कर्मचारी लगातार गश्त कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि हाथी खेतों तक पहुंच रहे हैं, लेकिन टीम समय रहते उनकी निगरानी कर उन्हें जंगल की ओर वापस भेज रही है। हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने में ग्रामीण भी वन विभाग की टीम का सहयोग कर रहे हैं।
Source link

