कढ़ू नाला हादसा: 10 प्रभावित परिवारों को दी राहत राशि:चट्टानों की चपेट में आने से हुआ था हादसा;डीसी मुकेश रेपसवाल ने किया निरीक्षण
चंबा के उपायुक्त (DC) मुकेश रेपसवाल ने शनिवार को जनजातीय क्षेत्र पांगी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने संसारी–किलाड़–थिरोट–तांदी सड़क मार्ग पर कढ़ू नाला के समीप हाल ही में हुए सड़क हादसे के घटनास्थल का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। उन्होंने दुर्घटना स्थल की स्थिति देखी और संबंधित प्रशासनिक व बीआरओ (BRO) अधिकारियों से हादसे के कारणों व सड़क की सुरक्षा स्थिति पर रिपोर्ट ली। उल्लेखनीय है कि 24 जुलाई 2026 को कुल्लू से पांगी की ओर जा रहा एक वाहन (HP-01M-2210) कढ़ू नाला के पास पहाड़ी से अचानक गिरी चट्टानों की चपेट में आ गया था। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को इस संवेदनशील सड़क मार्ग पर भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। आवासीय आयुक्त एवं एसडीएम (SDM) पांगी अमनदीप सिंह ने उपायुक्त को अवगत कराया कि प्रशासन द्वारा तुरंत राहत व बचाव कार्य चलाया गया। राजस्व विभाग की टीम (तहसीलदार सहित) ने मौके पर पहुंचकर हादसे से प्रभावित सभी 10 परिवारों तक सहायता पहुंचाई है।सभी प्रभावित परिवारों को नियमानुसार तत्काल राहत राशि वितरित कर दी गई है। साच स्थित हाइड्रो पावर हाउस की व्यवस्थाओं का लिया जायजा दुर्घटना स्थल के निरीक्षण के बाद उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने साच स्थित हाइड्रो पावर हाउस का दौरा किया। वहां उन्होंने विद्युत उत्पादन, परिचालन व्यवस्थाओं और चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान ये प्रमुख अधिकारी रहे उपस्थित इस प्रशासनिक दौरे के दौरान आवासीय आयुक्त एवं एसडीएम पांगी अमनदीप सिंह, बीआरओ (BRO) के मेजर पारस कोचर, आरसीसी-94 के अधिकारी, खंड विकास अधिकारी (BDO) आस्था पंवार, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता सुनील चंदेल और लोक निर्माण विभाग (PWD) के सहायक अभियंता भाग सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
Source link

