करनाल में अर्टिगा कार की टक्कर से व्यक्ति की मौत:राखी पर बहन ने बांधी थी राखी, अगले दिन भाई की मौत की खबर मिली
करनाल में मधुबन के पास शनिवार की अलसुबह तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भयानक था कि चालक सीट व स्टेयरिंग के बीच फंस गया। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। घायल को घरौंडा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से करनाल रेफर किया गया। करनाल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। ट्रैक्टर एजेंसी में छोड़ने जा रहा था चालक
मृतक की पहचान 52 वर्षीय नवीन कश्यप निवासी कटाबाग एरिया, करनाल के रूप में हुई है। नवीन नए ट्रैक्टरों को एजेंसी तक छोड़ने का काम करते थे। मृतक के भांजे रविंद्र कश्यप ने बताया कि शनिवार सुबह भी नवीन नया ट्रैक्टर लेकर एजेंसी में छोड़ने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान मधुबन के पास तेज रफ्तार अर्टिगा ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। सीट और स्टेयरिंग के बीच फंसा ड्राईवर
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर हाईवे पर पलट गया। नवीन ट्रैक्टर की सीट और स्टेयरिंग के बीच फंस गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा होते देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल नवीन को उपचार के लिए घरौंडा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें करनाल रेफर कर दिया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। राखी के अगले दिन परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
नवीन के परिवार पर रक्षाबंधन के अगले ही दिन दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। शुक्रवार, 28 अगस्त को रक्षाबंधन के मौके पर उनकी बहन ने भाई को राखी बांधकर लंबी उम्र की कामना की थी। किसी ने नहीं सोचा था कि अगले ही दिन परिवार को नवीन की मौत की खबर सुननी पड़ेगी। नवीन की पत्नी का करीब 10 साल पहले निधन हो चुका है। अब उनके 15 से 17 साल की उम्र के दो बच्चों के सिर से मां के बाद पिता का साया भी उठ गया है। बच्चों और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दोनों वाहन कब्जे में लिए
हादसे के बाद अर्टिगा चालक कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर और अर्टिगा को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया। पोस्टमार्टम के बाद नवीन का शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस हादसे के कारणों और फरार कार चालक की पहचान की जांच कर रही है।
Source link

