गजनेर पैलेस से कीमती धातु के पुराने बर्तन चोरी:सरदार निवास का ताला तोड़कर की वारदात, जांच में जुटी पुलिस
बीकानेर के ऐतिहासिक गजनेर पैलेस में चोरी का मामला सामने आया है। पैलेस परिसर स्थित सरदार निवास में अज्ञात चोर कमरे का ताला तोड़कर पुराने और कीमती पीतल, तांबा व कांसे के बर्तन समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। घटना के बाद गजनेर थाने में मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है। ताला टूटा मिला, अंदर का सामान गायब जानकारी के अनुसार, सरदार निवास परिसर के एक कमरे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो वहां रखा सामान गायब था। चोर पुराने पीतल, तांबा और कांसे के बर्तन अपने साथ ले गए। इसके अलावा प्लास्टर चोरी होने की भी जानकारी सामने आई है। चोरी हुए बर्तनों को काफी पुराना और कीमती बताया जा रहा है। मैनेजर ने दर्ज कराई एफआईआर गजनेर पैलेस के मैनेजर नारायण सिंह राठौड़ ने गजनेर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। रिपोर्ट में किसी पर संदेह नहीं जताया गया है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रविवार शाम मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पैलेस और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी। बीकानेर की पहचान है गजनेर पैलेस गजनेर पैलेस बीकानेर की सबसे प्रसिद्ध ऐतिहासिक धरोहरों में से एक है। शहर से करीब 27 किलोमीटर दूर गजनेर झील के किनारे स्थित यह महल कभी बीकानेर रियासत की शाही शिकारगाह हुआ करता था। महाराजा गंगा सिंह ने वर्ष 1910 से 1913 के बीच गुलाबी बलुआ पत्थर से इसका निर्माण कराया था। करीब 6 हजार एकड़ में फैला यह पैलेस आज देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों का प्रमुख आकर्षण है। चोरी के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल ऐतिहासिक धरोहर में चोरी की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
Source link

