जमशेदपुर पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया:21 चोरी की बाइक-स्कूटी बरामद कीं, गिरोह के 8 सदस्य गिरफ्तार
जमशेदपुर पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस ने 21 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में गिरोह से जुड़े आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में महेश कुमार उर्फ गोलू, मुनीराम मुर्मू, कारू मार्डी, विक्रांत साहनी, विक्रम साहनी, अशोक पात्रो, पेलाराम सरदार और काशीनाथ सरदार शामिल हैं। सीनियर एसपी ने बताया कि 21 सितंबर की रात करीब 11 बजे पुलिस को जानकारी मिली थी। इसमें बताया गया था कि बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में पीएम मॉल के पास दो युवक चोरी की स्कूटी के साथ घूम रहे हैं। वे किसी घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक (नगर) की निगरानी में और डीएसपी सीसीआर के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम बनाई गई। पुलिस ने जल्दी कार्रवाई करते हुए पीएम मॉल के पास स्कूटी सवार दो संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने स्कूटी चोरी की होने की बात कबूल की। अलग-अलग जगहों से कुल 21 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद इसके बाद उनकी निशानदेही पर बागबेड़ा, पोटका और कोवाली थाना क्षेत्रों में लगातार छापे मारे गए। इस अभियान के दौरान अलग-अलग जगहों से कुल 21 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए गए। वाहन चोरी के नेटवर्क से जुड़े आठ लोगों को गिरफ्तार भी किया गया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के सदस्य बिष्टुपुर क्षेत्र के भीड़भाड़ वाले इलाकों से बाइक और स्कूटी चोरी करते थे। इनमें जुबली पार्क, नेचर पार्क, पीएम मॉल और नॉर्थ पार्किंग एरिया जैसी जगहें शामिल हैं। चोरी के बाद वाहनों की पहचान छिपाने के लिए उनकी नंबर प्लेट और रजिस्ट्रेशन नंबर बदल दिए जाते थे। इसके बाद इन्हें जिले के ग्रामीण इलाकों और पड़ोसी राज्य ओडिशा के अलग-अलग गांवों में बेच दिया जाता था। पुलिस का कहना है कि बरामद वाहनों के इंजन और चेसिस नंबरों की जांच की जा रही है।
Source link

