जालंधर में 70 वर्षीय बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या:चेहरे पर पत्थर से वार, शव जलाने का प्रयास; क्रिकेट ग्राउंड के पास मिला
जालंधर के गांव रंधावा मसंदा में 70 वर्षीय राम प्रकाश की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपियों ने हत्या के बाद शव को जलाने का भी प्रयास किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। बुजुर्ग के चेहरे पर पत्थर से वार किए गए थे, जबकि उनके शरीर पर भी कई चोटों के निशान मिले हैं। परिवार के सदस्य गुरप्रीत माही ने बताया कि राम प्रकाश शनिवार शाम करीब 6 बजे घर से निकले थे। देर रात तक वापस न लौटने पर परिवार ने उनकी तलाश शुरू की और बाद में पुलिस को सूचना दी। SHO बोले- क्रिकेट ग्राउंड के पास से शव बरामद हुआ थाना मकसूदां के एसएचओ गुरप्रीत सिंह ने बताया कि रविवार सुबह रंधावा मसंदा के क्रिकेट ग्राउंड के पास राम प्रकाश का शव बरामद हुआ। शव के पास ही उनकी साइकिल भी पड़ी मिली। परिवार ने शव की पहचान राम प्रकाश के रूप में की। शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल जालंधर में पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटनास्थल से सबूत जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया था। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
Source link

