ज्येष्ठ पूर्णिमा पर गंगा घाटों पर उमड़ी भीड़:उन्नाव में श्रद्धालुओं ने किया स्नान, दान-पुण्य कर की पूजा

ज्येष्ठ पूर्णिमा पर गंगा घाटों पर उमड़ी भीड़:उन्नाव में श्रद्धालुओं ने किया स्नान, दान-पुण्य कर की पूजा




उन्नाव में ज्येष्ठ अधिक मास पूर्णिमा के अवसर पर रविवार को गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। ब्रह्म मुहूर्त से ही लोग गंगा तटों पर पहुंचने लगे और आस्था की डुबकी लगाई। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। हिंदू धर्म में ज्येष्ठ अधिक मास पूर्णिमा का विशेष महत्व है। मान्यता है कि इस दिन गंगा स्नान, दान-पुण्य और भगवान विष्णु की आराधना से विशेष फल प्राप्त होता है। इसी आस्था के कारण जिले के शुक्लागंज, बक्सर, कटरी क्षेत्र सहित विभिन्न गंगा घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। महिलाएं, पुरुष, बुजुर्ग और बच्चे बड़ी संख्या में गंगा घाटों पर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान के बाद दीपदान किया और पूजा-पाठ संपन्न किए। कई लोगों ने गरीबों और जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र तथा अन्य सामग्री का दान भी किया। घाटों पर भजन-कीर्तन और धार्मिक गतिविधियों का माहौल बना रहा।

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। प्रमुख घाटों पर पुलिस बल, गोताखोरों और जल पुलिस तैनात की गई थी। बैरिकेडिंग लगाकर स्नानार्थियों को सुरक्षित स्थानों पर स्नान कराया गया। घाटों पर साफ-सफाई और पेयजल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सुरक्षाकर्मियों ने श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोका। कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई। श्रद्धालुओं ने बताया कि पुरुषोत्तम मास की पूर्णिमा पर गंगा स्नान का विशेष धार्मिक महत्व है। उनका मानना था कि इस दिन स्नान और पूजा-पाठ से भगवान विष्णु एवं माता लक्ष्मी की कृपा प्राप्त होती है। दिन चढ़ने के साथ घाटों पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती रही और देर शाम तक आवागमन जारी रहा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!