डीएम अमृषा बैंस ने शक्ति सदन का निरीक्षण किया:महिलाओं से सीधा संवाद, जानीं उनकी समस्याएं
जिला पदाधिकारी अमृषा बैंस ने बुधवार शाम शक्ति सदन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां रह रही महिलाओं से सीधे बातचीत की। डीएम ने महिलाओं से उनके आवासन, भोजन, स्वास्थ्य और सुरक्षा संबंधी जानकारी ली। उन्होंने संस्थान में उपलब्ध सभी सुविधाओं का जायजा लिया और महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जोर दिया कि सभी महिलाओं को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण मिलना चाहिए तथा सरकार के निर्धारित मानकों के अनुसार सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। डीएम ने नियमित निगरानी, किसी भी कमी को तुरंत दूर करने और संस्थान में आवश्यक सामग्री की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कर्मियों की उपस्थिति और अभिलेखों की भी समीक्षा की। शक्ति सदन हिंसा से पीड़ित महिलाओं के लिए सुरक्षित आवास और पुनर्वास की व्यवस्था करता है। यहां महिलाओं की नियमित काउंसलिंग कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जाता है। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त शैलेश कुमार, वरीय उप समाहर्ता, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी माला कुमारी और शक्ति सदन की अध्यक्षा रेणु कुमारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
Source link

