देवघर अतिक्रमण अभियान में पुलिसकर्मी ने लहराई पिस्टल:घटना पर उठे सवाल; नगर निगम ने हटाए अवैध कब्जे, जुर्माना भी वसूला गया
देवघर नगर निगम ने शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान टावर चौक से शिक्षा सभा चौक तक सड़क किनारे से अवैध कब्जे हटाए गए। अभियान के दौरान एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी द्वारा पिस्टल लहराने का मामला सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह क्षेत्र देवघर का मुख्य बाजार है, जहां अत्यधिक भीड़ रहती है। दुकानदारों द्वारा सड़क तक सामान फैलाने और ठेलों के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसी समस्या के समाधान के लिए निगम ने यह कार्रवाई की। पहले भी अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी गई थी अभियान के तहत सड़क किनारे लगे ठेले और अस्थायी दुकानें हटाई गईं। कई दुकानदारों से जुर्माना भी वसूला गया। नगर निगम के टैक्स कलेक्टर ने बताया कि यह एक विशेष अभियान है और दुकानदारों को पहले भी अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी गई थी। दोबारा कब्जा करने पर कानूनी कार्रवाई और जुर्माना लगाने की बात कही गई है। अतिक्रमण हटाते समय एक दुकानदार और आम लोगों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसी दौरान मौके पर मौजूद एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने अपनी पिस्टल लहरा दी। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने सवाल उठाए हैं कि ऐसी स्थिति में हथियार लहराने का अधिकार किसे है और इसकी क्या आवश्यकता थी। इधर, मामले पर एसपी प्रवीन पुष्कर ने कहा कि यह उनके संज्ञान में आया है और आगे इस पर कार्रवाई की जाएगी।
Source link

