देवघर श्मशान घाट में मिला व्यक्ति का शव:पहचान नहीं होने से रहस्य गहराया, एक दिन पहले ही देखा गया था घटनास्थल पर

देवघर श्मशान घाट में मिला व्यक्ति का शव:पहचान नहीं होने से रहस्य गहराया, एक दिन पहले ही देखा गया था घटनास्थल पर




देवघर शहर के श्मशान घाट में सोमवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार सुबह लोगों ने श्मशान घाट परिसर में एक व्यक्ति को चबूतरे पर लेटा देखा। पहले उन्हें लगा कि वह सो रहा है। बताया गया कि यह व्यक्ति रविवार देर शाम से ही श्मशान घाट के आसपास घूम रहा था। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने यह भी बताया कि व्यक्ति कई बार अचेत होकर गिर रहा था। श्मशान घाट के कर्मचारियों ने उसे कई बार उठाकर सुरक्षित स्थान पर बैठाया था, लेकिन उसकी हालत सामान्य नहीं लग रही थी। जब सुबह से दोपहर तक व्यक्ति उसी अवस्था में पड़ा रहा और उसमें कोई हरकत नहीं हुई, तब लोगों को संदेह हुआ। कड़ी धूप के बीच कुछ लोग उसके पास पहुंचे और जगाने का प्रयास किया, तो पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी राजीव कुमार पुलिस बल के साथ श्मशान घाट पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। उसके पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है, जिससे उसकी शिनाख्त में कठिनाई हो रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले की जांच जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!