दो साल से अलग रह रहे पति-पत्नी अब रहेंगे साथ:महिला सुरक्षा व सलाह केंद्र ने दूर किया मनमुटाव, फिर से बसाया टूटा घर
चूरू में महिला थाना के महिला सुरक्षा और सलाह केंद्र ने एक बार फिर एक परिवार को टूटने से बचाया है। केंद्र की टीम ने 2 साल से अलग रह रहे पति-पत्नी को एक साथ रहने के लिए राजी कर लिया। दरअसल 7 सितंबर को एक महिला ने अपने पति के खिलाफ आपसी झगड़े को लेकर केंद्र में शिकायत दी थी। केंद्र की परामर्शदाताओं ने मामले को गंभीरता से लिया और पति-पत्नी दोनों को थाने के महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र में बुलाया। उन्हें उचित सलाह दी गई, जिसके बाद वे साथ रहने को तैयार हो गए। 3 साल पहले हुई थी शादी
रैगर बस्ती, चूरू की रहने वाली काजल की शादी 3 साल पहले तारानगर के भलाउ ताल निवासी विशाल से हुई थी। शादी के 1 साल बाद ही विशाल और काजल के बीच मनमुटाव शुरू हो गया। झगड़े बढ़ने पर काजल अपने पति को छोड़कर पीहर आ गई थी। इसी दौरान काजल के पीहर में एक लड़का हुआ, जो अब 2 साल का हो चुका है। काजल पिछले 2 साल से अपने पीहर में ही रह रही थी। घरवालों ने भी दोनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। 2 साल से पीहर में रह रही थी महिला
बाद में किसी के कहने पर काजल 7 सितंबर को महिला थाना के महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र पहुंची। उसने परामर्शदाता कामिनी और सुमित्रा को अपने पति के साथ मनमुटाव के बारे में एक प्रार्थना पत्र दिया। महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र ने काजल के पति विशाल को महिला थाना बुलाया। परामर्शदाताओं ने काजल और विशाल को साथ रहने के लिए समझाया। दोनों पति-पत्नी ने महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र में एक साथ रहने का फैसला किया।
विशाल हनुमानगढ़ के गांव नथवाणिया में कबाड़ी का काम करता है। अब दोनों पति-पत्नी बच्चे सहित नथवाणिया गांव में ही एक साथ रहेंगे। महिला थानाधिकारी कुसुमलता के नेतृत्व में स्टाफ ने इस परिवार को फिर से बसा दिया है।
Source link

