धनबाद में छिनतई के दो शातिर अपराधी गिरफ्तार:सरायढेला पुलिस ने पर्स, नकदी और बाइक बरामद की
धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र में एक महिला से छिनतई के कुछ ही समय बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को डीएसपी प्रकाश सोय ने इसकी जानकारी दी। डीएसपी सोय ने बताया कि सोमवार शाम थाना प्रभारी मंजीत कुमार को सूचना मिली थी। इसमें बताया गया था कि बिना नंबर की पल्सर एनएस-125 बाइक पर सवार दो युवकों ने राजगंज निवासी जोशना देवी का लेडीज पर्स छीन लिया और मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही गश्ती पदाधिकारी सब-इंस्पेक्टर रजनीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत आरोपियों का पीछा करना शुरू कर दिया। बलियापुर जाने वाली सड़क पर पीड़िता जोशना देवी ने दोनों आरोपियों की पहचान की। पुलिस को देखते ही आरोपी तेजी से भागने लगे, लेकिन भागने के दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया। डीएसपी ने बताया कि इस दुर्घटना में आरोपी चंदू कुमार विश्वकर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका इलाज शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में चल रहा है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बेलगड़िया निवासी करण कुमार वर्मा और चंदू कुमार विश्वकर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से छिनतई में इस्तेमाल की गई काले रंग की पल्सर एनएस-125 मोटरसाइकिल, लाल रंग का लेडीज पर्स (जिसमें 4,500 रुपये नकद थे) और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। डीएसपी प्रकाश सोय ने यह भी बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे अन्य छिनतई की घटनाओं में भी शामिल रहे हैं या नहीं। इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Source link

