पार्टी फंड के नाम पर रामगोपाल ने लिए 800 करोड़:घोटाले का पैसा राजीव भवन में किया गया रिसीव, 8 राज्यों में फरारी काटी कांग्रेस कोषाध्यक्ष ने; सजा से बचने पूजा भी करवाई
छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोल लेवी घोटाले में गिरफ्तार कांग्रेस के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल पर जांच एजेंसी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) का दावा है कि पार्टी फंड के नाम पर करीब 800 करोड़ रुपए जुटाए गए, जिनकी एंट्री और प्रबंधन रामगोपाल अग्रवाल के जरिए किया जाता था। एजेंसी के मुताबिक, यह रकम बोरी और कार्टन में कांग्रेस भवन लाई जाती थी और बाद में हवाला नेटवर्क के जरिए दिल्ली भेजी जाती थी। EOW ने कोर्ट में पेश दस्तावेजों में बताया कि कांग्रेस के अकाउंटेंट और रामगोपाल अग्रवाल के निजी सहायक देवेंद्र डड़सेना ने बयान दिया है कि कथित घोटाले की राशि कांग्रेस भवन पहुंचती थी, जहां से उसका नियंत्रण रामगोपाल अग्रवाल के पास रहता था। जांच में यह भी दावा किया गया है कि कोल लेवी से 52 करोड़ 62 लाख 20 हजार रुपए सीधे रामगोपाल तक पहुंचे, जिनका संग्रहण, प्रबंधन और उपयोग उन्होंने किया। कारोबारियों ने पैसा देने की बात बयान में स्वीकारी जांच एजेंसी के अनुसार, भिलाई के कारोबारी लक्ष्मीनारायण बंसल उर्फ पप्पू ने बयान में कहा कि दीपेन चावड़ा के माध्यम से करीब 800 करोड़ रुपए कांग्रेस भवन भेजे गए। वहीं, निखिल चंद्राकर ने भी अपने बयान में कोल लेवी की रकम रामगोपाल अग्रवाल तक पहुंचने की बात स्वीकार की है। 8 राज्यों में रहे, मंदिरों में कराई पूजा ईओडब्ल्यू के सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में रामगोपाल अग्रवाल ने बताया कि रायपुर छोड़ने के बाद वे ओडिशा, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल, राजस्थान, मध्यप्रदेश और दिल्ली समेत 8 राज्यों में रहे। इस दौरान उन्होंने पुरी, वाराणसी और प्रयागराज जैसे धार्मिक स्थलों पर दर्शन किए और विशेष पूजा भी कराई। जांच एजेंसी का कहना है कि फरारी के दौरान भी वे परिवार, कुछ नेताओं और कारोबारियों के संपर्क में बने रहे। आयकर छापे से खुला मामला EOW के मुताबिक, 30 जून 2022 को कोल कारोबारी सूर्यकांत तिवारी और उसके सिंडिकेट पर आयकर विभाग की छापेमारी में बरामद डायरी और दस्तावेजों से अवैध कोल लेवी के लेन-देन का खुलासा हुआ था। इन्हीं दस्तावेजों में रामगोपाल अग्रवाल का नाम सामने आया। बाद में ED की रिपोर्ट के आधार पर EOW ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। 17 जुलाई तक रिमांड, आगे और गिरफ्तारी संभव EOW ने 14 दिन की रिमांड मांगी थी, लेकिन विशेष अदालत ने 9 दिन की रिमांड मंजूर की। अब रामगोपाल अग्रवाल को 17 जुलाई को दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के बाद कस्टम मिलिंग, डीएमएफ और शराब घोटाले से जुड़े मामलों में भी उनकी गिरफ्तारी हो सकती है। वहीं, ED भी आगे अलग कार्रवाई की तैयारी में है।
Source link

