बखिरा थाने का हेड कांस्टेबल लाइन हाजिर:ड्यूटी में लापरवाही के आरोप, भाजपा नेता ने सिपाहियों पर लगाया था मारपीट का आरोप
संतकबीरनगर के बखिरा थाने में तैनात हेड कांस्टेबल अंगद कुमार को ड्यूटी में प्रथम दृष्टया लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोपों के चलते तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन संबद्ध (लाइन हाजिर) कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) संदीप कुमार मीना ने रविवार को क्षेत्राधिकारी (सीओ) मेंहदावल सर्वदमन सिंह की जांच रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की। मामले में विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। जांच पूरी होने के बाद होगी आगे की कार्रवाई एसपी संदीप कुमार मीना ने बताया कि जांच रिपोर्ट में मुख्य आरक्षी के खिलाफ ड्यूटी के दौरान लापरवाही के आरोप सही पाए गए हैं। निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए उन्हें पुलिस लाइन भेजा गया है। उन्होंने कहा कि विभागीय जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा नेता ने थाने में मारपीट का लगाया आरोप यह कार्रवाई भाजपा नेता एवं बखिरा थाना क्षेत्र के साईं लंगड़ी गांव निवासी बीडीसी सदस्य गोरख साहनी की शिकायत के बाद की गई। साहनी का आरोप है कि 30 जुलाई की शाम वह एक पारिवारिक विवाद में सुलह-समझौते की पैरवी के लिए बखिरा थाने पहुंचे थे। उनके अनुसार, थाने में मौजूद तीन पुलिसकर्मियों ने उनके साथ अभद्रता की और उन्हें थाने के भीतर ले जाकर बांस के डंडों तथा लात-घूंसों से पीटा। उन्होंने यह भी दावा किया कि पूरी घटना थाना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद है। साथ ही शिकायत करने पर फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया।
मारपीट के आरोपों की पुष्टि नहीं पुलिस ने फिलहाल मारपीट के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की विभागीय जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Source link

