मुजफ्फरपुर में 3 दिन तक बारिश की संभावना:जिले में 60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चलेगी हवा, मोबाइल पर मिला अलर्ट

मुजफ्फरपुर में 3 दिन तक बारिश की संभावना:जिले में 60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चलेगी हवा, मोबाइल पर मिला अलर्ट




मुजफ्फरपुर में गुरुवार की सुबह अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। सुबह तेज धूप के साथ दिन की शुरुआत हुई, लेकिन करीब 7 बजे के बाद काले बादल छा गए और कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली, हालांकि उमस बरकरार रही। इस बीच मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक जिले में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश की संभावना जताई है। सुबह बारिश शुरू होने से पहले ही मौसम विभाग की ओर से लोगों के मोबाइल फोन पर अलर्ट जारी किया गया। अलर्ट में अगले कुछ घंटों के दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और गरज के साथ बारिश होने की चेतावनी दी गई है। इसके बाद मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला और कई क्षेत्रों में बूंदाबांदी शुरू हो गई। बुधवार को कुछ हिस्सों में हुई छिटपुट बारिश बुधवार को भी जिले के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश हुई थी। पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 2.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस कम रहा। हालांकि दोपहर में हुई हल्की बारिश के बाद उमस बढ़ जाने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार सुबह के समय हवा में नमी की मात्रा 85 प्रतिशत और दोपहर में 75 प्रतिशत दर्ज की गई। वहीं वाष्पीकरण की दर सामान्य से लगभग चार गुना अधिक 8.5 मिलीमीटर रही। पूरे दिन पछुआ हवा करीब 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती रही। मानसून तेजी से उत्तर बिहार की ओर बढ़ रहा है पूसा स्थित ग्रामीण कृषि मौसम विज्ञान केंद्र के नोडल पदाधिकारी डॉ. ए. सत्तार ने बताया कि मानसून तेजी से उत्तर बिहार की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से जिले में मानसून पूर्व गतिविधियां तेज हो गई हैं और बारिश की संभावना लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाओं और पछुआ हवा के प्रभाव के कारण वातावरण में नमी अधिक बनी हुई है, जिससे उमस का असर महसूस किया जा रहा है। अगले सप्ताह तक मुजफ्फरपुर में प्रवेश करेगा मानसून डॉ. सत्तार ने संभावना जताई कि अगले सप्ताह तक मानसून मुजफ्फरपुर जिले में प्रवेश कर सकता है। उन्होंने बताया कि फिलहाल जिले में अधिकतम तापमान 36 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। ऐसे में बीच-बीच में बारिश होने के बावजूद लोगों को गर्मी और उमस दोनों का सामना करना पड़ सकता है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!