रांची में मंदिर से लौट रहे युवक पर फायरिंग:जमीन विवाद में हमले की आशंका, बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने घटना को दिया अंजाम
रांची के ओटीसी मैदान के पास मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अज्ञात अपराधियों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना बजरंगबली मंदिर के समीप हुई, जहां बैंक कॉलोनी निवासी भागर्व सिंह पूजा करने पहुंचे थे। जानकारी के अनुसार युवक हर मंगलवार मंदिर में पूजा करने आता था। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उस पर हमला कर दिया। बाइक पर सवार तीन बदमाश मौके पर पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगते ही इलाके में भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी कुछ ही सेकंड में फरार हो गए। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच में जुटी घटना की सूचना मिलते ही पंडरा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। घायल भागर्व सिंह को पहले सिटी अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पारस अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल चिंताजनक बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही रांची सांसद व केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस को दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। जमीन विवाद में साजिश की आशंका प्राथमिक जांच और घायल के बयान के आधार पर पुलिस इस वारदात के पीछे जमीन विवाद की आशंका जता रही है। भागर्व सिंह ने आरोप लगाया है कि उसका विजय टेटे नामक व्यक्ति से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। उसे पहले भी धमकी दी गई थी। सूत्रों के मुताबिक रातू इलाके की जमीन को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से तनाव था। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के चलते सुनियोजित तरीके से इस हमले को अंजाम दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। घटना के बाद ओटीसी मैदान और आसपास का इलाका कुछ समय के लिए पूरी तरह सन्न रहा।
Source link

