लातेहार में दो सड़क हादसे, छह घायल:चंपा घाटी में ट्रक अनियंत्रित होकर 70 फीट गहरी खाई में गिरा, कार और टेंपो में हुई टक्कर
लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र में सोमवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में कुल छह लोग घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया है। पहली घटना चंपा घाटी में हुई। यहां तेलंगाना से टायर लादकर बालूमाथ की ओर जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर लगभग 70 फीट गहरी खाई में गिर गया। घाटी के तीखे मोड़ों से था अंजान बताया जा रहा है कि चालक रास्ते की जानकारी के लिए गूगल मैप का सहारा ले रहा था, लेकिन घाटी के तीखे मोड़ों से अनजान होने के कारण वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। ट्रक गार्डवाल तोड़ते हुए सीधे खाई में जा गिरा। इस दुर्घटना में ट्रक चालक मुंडिया पांडू और उपचालक अजय पांडू गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए खाई में उतरकर दोनों को बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची के रिम्स रेफर कर दिया गया। टेंपो चालक सहित चार लोग घायल दूसरी घटना कुरो मोड़ के समीप हुई, जहां एक कार और टेंपो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में टेंपो चालक सहित चार लोग घायल हो गए। घायलों में मोहन लोहारा (50), संजना गिद्ध (18), प्रतिमा कुजूर और चालक अनिल घासी शामिल हैं। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं, कार सवार घटना के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस ने वाहन की पहचान कर ली है और आरोपियों की तलाश जारी है।
Source link

