लुधियाना में केमिकल से भरे ट्रक को लगी आग:बिजली की तारों से टकराया, कई मीटर जले, घरों की दीवारों में आई दरारें, लोगों ने भागकर बचाई जान
लुधियाना के मोती नगर इलाके में केमिकल से भरे एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें काफी ऊंची उठने लगीं, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ और समय रहते बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, केमिकल से लदा ट्रक जब इलाके से गुजर रहा था, तो अचानक ऊपर से गुजर रही हाई-वोल्टेज बिजली की तारों की चपेट में आ गया। तारों से निकली चिंगारी के कारण ट्रक में लदे केमिकल ने तुरंत आग पकड़ ली और लपटें तेजी से फैलने लगीं। घटना के समय आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए और तुरंत बचाव के लिए भागे। आग के कारण आसपास के घर में लगे बिजली के मीटर जल गए और कई घरों में दरारें भी आ गई है। लोगों का कहना है कि जब ट्रक को आग लगी उस समय घरों में लोग थे और उन्हें पीछे के रास्ते से निकाला गया। दमकल विभाग ने 1 घंटे में पाई आग पर सफलता घटना की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। आग की विभीषिका को देखते हुए मौके पर दमकल की 4 गाड़ियां भेजी गईं। कर्मचारियों ने करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया। मामले की जानकारी देते हुए फायर सब अफसर राजन सिंह ने बताया, “सूचना मिलते ही हमारी टीम मौके पर पहुंच गई थी। 4 दमकल गाड़ियों की मदद से करीब 1 घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।”
Source link

