लुधियाना में रंजिशन युवक को नंगा कर पीटा:एक्टिवा-बाइकों पर आए 2 गुटों ने मचाया हुड़दंग; धारदार हथियारों के साथ वीडियो किया वायरल
लुधियाना में कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए हुड़दंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर के सलेम टाबरी इलाके में कुछ युवकों ने सरेआम दहशत का माहौल बना उत्पात मचाया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में 7 से 8 युवक एक्टिवा-बाइकों पर सवार होकर, हाथों में धारदार हथियार लिए गालियां देते और विरोधी गुट को ललकारते हुए नजर आ रहे हैं। इस घटना के बाद से पूरे स्थानीय इलाके में खौफ और सहम का माहौल है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह पूरा विवाद दो अलग-अलग गुटों-सलेम टाबरी और हैबोवाल-के बीच पुरानी रंजिश और बदले की भावना से जुड़ा हुआ है। दोनों गुटों के हमलावरों की अभी पहचान नहीं हो पाई। सिलसिलेवार ढंग से जानें पूरी घटना
विवाद की शुरुआत (हैबोवाल के युवक के साथ बेअदबी): इस पूरी घटना की जड़ें एक पुरानी रंजिश से जुड़ी हैं। बताया जा रहा है कि पहले सलेम टाबरी इलाके के एक गुट ने हैबोवाल इलाके के एक लड़के के साथ बुरी तरह मारपीट की थी। बात यहीं खत्म नहीं हुई; उन्होंने उस युवक को निर्वस्त्र कर पीटा और उस शर्मनाक घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया था। बदले की नीयत से सलेम टाबरी पहुंचा हैबोवाल गुट: अपने साथी के साथ हुई इस बेइज्जती और मारपीट का बदला लेने के लिए हैबोवाल गुट के युवक भड़क उठे। इसी रंजिश के चलते हैबोवाल गुट के युवक सलेम टाबरी इलाके में उन लड़कों को ललकारने और सबक सिखाने पहुंचे थे। धारदार हथियारों का प्रदर्शन और हुड़दंग: सलेम टाबरी में पहुंचे इन 7 से 8 युवकों ने बाइकों पर सवार होकर जमकर उत्पात मचाया। उनके हाथों में तेजधार हथियार थे और वे सरेआम गालियां देते हुए मोहल्ले में शोर-शराबा कर रहे थे। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर फैलाई दहशत: हथियारों के साथ मोहल्ले में घूमने वाले इन युवकों ने खुद ही अपनी इस हरकत का वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया, ताकि वे अपना खौफ कायम कर सकें। खुलेआम मोहल्ले में धारदार हथियारों के साथ इस तरह के शक्ति प्रदर्शन से सलेम टाबरी के आम निवासियों में भारी दहशत है और लोग कानून-व्यवस्था को लेकर डरे हुए हैं। इस मामले में ADCP समीर वर्मा ने कहा कि वीडियो की जांच करवा कर जो बनती कार्रवाई होगी वह की जाएगी।
Source link

