लुधियाना में स्कूल बस ने बच्चे को कुचला:मां के सामने मौत; दोनों टायर चढ़ने से सड़क पर चिपका मांस, डस्टपैन से समेटा
लुधियाना में बुधवार सुबह ढाई वर्षीय बच्चे को प्राइवेट स्कूल की बस ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बस के अगले और पिछले टायर ऊपर से गुजरने के कारण सड़क पर मांस चिपक गया। बच्चा अपनी मां के साथ बड़ी बहन को स्कूल बस में बैठाने घर के बाहर आया था। हादसे के बाद ड्राइवर बस लेकर भागने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जा रहा कि ड्राइवर के पास वैध लाइसेंस नहीं है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसा कोहाड़ा क्षेत्र के गांव शालू में हुआ। अब सिलसिलेवार पूरा मामला पढ़िए… बहन को स्कूल बस में बैठाने आया था मासूम
बुधवार सुबह करीब 7 बजे समरदीप अपनी मां के साथ घर के बाहर खड़ा था। उसकी बड़ी बहन रोज की तरह BITS स्कूल की बस से स्कूल जाने वाली थी। इसी दौरान बस पहुंची और मासूम उसकी चपेट में आ गया। दोनों टायर बच्चे के ऊपर से गुजरने का आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पहले बस का अगला टायर और फिर पीछे का टायर भी मासूम के ऊपर से गुजर गया। हादसा इतना भयावह था कि परिवार के सामने ही बच्चे ने दम तोड़ दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि दुर्घटना के बाद ड्राइवर बस रोकने की बजाय मौके से भागने लगा। लोगों ने आवाज लगाई, लेकिन वह नहीं रुका। ग्रामीणों ने पीछा कर ड्राइवर को पकड़ा
हादसे के बाद ग्रामीणों और राहगीरों ने अपने वाहनों से बस का पीछा किया। कुछ दूरी पर नजदीकी गांव के पास ड्राइवर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पकड़े जाने पर ड्राइवर ने कहा कि हादसे में उसकी कोई गलती नहीं है। इस बयान से लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। बिना लाइसेंस बस चलाने का दावा
ग्रामीणों का कहना है कि बस चला रहा युवक करीब 19 साल का है और उसके पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस ड्राइवर का लाइसेंस, वाहन के दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रही है। ग्रामीण बोले- दोषियों पर हो कार्रवाई
हादसे के बाद ग्रामीणों ने स्कूल बस ड्राइवर और स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। लोगों का कहना है कि यदि ड्राइवर सावधानी से बस चलाता या हादसे के तुरंत बाद रुककर मदद करता तो स्थिति अलग हो सकती थी। इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही यह भी जांच की जाए कि ड्राइर की नियुक्ति किस आधार पर की गई और क्या उसके पास जरूरी दस्तावेज मौजूद थे। पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कानूनी कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि ड्राइवर के पास वैध लाइसेंस नहीं मिला या किसी प्रकार की लापरवाही साबित हुई तो उसके अनुसार संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
Source link

