शनि महोत्सव में 3 हजार श्रद्धालुओं ने किया महाप्रसाद ग्रहण:कटिहार में बनिया टोला पूजा समिति 20 सालों से कर रही आयोजन, लोगों में दिखा उत्साह
कटिहार के बनिया टोला में इस साल शनि महोत्सव का आयोजन पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ किया गया। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। मंदिर परिसर में भगवान शनि की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई थी, जहां सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना के लिए हवन किया। भक्तों ने शनि महाराज को तेल चढ़ाकर अपनी आस्था प्रकट की और जीवन की परेशानियों से मुक्ति की प्रार्थना की। महोत्सव को लेकर पूरे इलाके में विशेष उत्साह देखा गया। 20 सालों से शनि महोत्सव का हो रहा आयोजन बनिया टोला पूजा समिति से जुड़े साधन दास, विप्रदीप, जय दास और अंजली कुमारी ने बताया कि बनिया टोला में पिछले लगभग 20 वर्षों से लगातार शनि महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु महोत्सव में शामिल हुए। पूजा के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। महाप्रसाद के रूप में खिचड़ी, खीर, सब्जी और चटनी तैयार की गई थी, जिसे लगभग 3000 श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह इलाके में सामाजिक एकता और भाईचारे को भी मजबूत करता है। इस आयोजन में दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचे। पूरे दिन पूजा, हवन और प्रसाद वितरण का कार्यक्रम चलता रहा। देर शाम तक मंदिर परिसर में भक्तों की आवाजाही बनी रही और भक्तिमय माहौल के बीच शनि महाराज के जयकारे गूंजते रहे।
Source link

