शाहपुरकंडी रोड पर बाइक सवार युवकों पर जानलेवा हमला:पहले कार से कुचलकर मारने की कोशिश, फिर घर के बाहर बाइक को लगाई आग, 4 नामजद
सुजानपुर क्षेत्र के अंतर्गत पुल नंबर 5 के पास पुरानी रंजिश को लेकर भाइयों पर गाड़ी चढ़ाकर जान से मारने का प्रयास करने और बाइक को आग के हवाले करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने न केवल तेज रफ्तार गाड़ी से मोटरसाइकिल को भीषण टक्कर मारी, बल्कि दातर जैसे तेजधार हथियारों से हमला करने और बाइक को आग लगाकर मौके से फरार हो गए। हमले में दोनों भाइयों को गंभीर चोटें आई हैं। जिनका इलाज चल रहा है। शिकायत मिलने पर थाना सुजानपुर की पुलिस ने 4 लोगों को नामजद किया, जबकि, 2-3 अज्ञात लोगों पर भी मामला दर्ज किया है। बस स्टैंड से भाई को लेकर लौट रहा था पीड़ित पुलिस को दी गई शिकायत में शहीद भगत सिंह नगर सुजानपुर के रहने वाले विश्वजीत उर्फ विशू ने बताया कि बीती रात करीब 1 बजे उसके भाई जतिन कुमार ने फोन कर बताया कि वह अमृतसर से आ रहा है और रात करीब 1:30 बजे उसकी बस पुल नंबर 5 सुजानपुर पहुंचेगी। शिकायतकर्ता करीब 1:20 बजे अपनी बजाज पल्सर मोटरसाइकिल PB35-AM-9400 लेकर पुल नंबर 5 पहुंचा। जतिन के बस से उतरने के बाद दोनों मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने घर की ओर जाने लगे। रास्ते में घेरा, दी जान से मारने की धमकी विशू ने पुलिस को दर्ज करवाए बयान में बताया कि जब वो सुजानपुर वाली साइड पुल के पास से गुजर रहे थे तो वहां पहले से घात लगाकर बैठे सूरज, उसके साथी अभय दोनों निवासी प्रेमनगर, ऋषि निवासी ठंडी खूई, वरुण ठाकुर निवासी हाजीपुर ढींगा और 2-3 अन्य अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि मुख्य आरोपी सूरज ने ललकारा मारते हुए कहा, इनको हमारे विरोधियों के साथ घूमने का मजा चखाते हैं, आज इनको मारकर इनका किस्सा ही खत्म कर देते हैं। गाड़ी से निकाले तेजधार हथियार शिकायतकर्ता के अनुसार सूरज के उतना कहते ही सारे आरोपी गाड़ी से उतरकर हथियार निकालने लगे, लेकिन मौका देखकर शिकायतकर्ता ने अपनी मोटरसाइकिल तेज भगा ली। आरोपियों ने अपनी कार और मोटरसाइकिलों से पीड़ितों का पीछा करना शुरू कर दिया। जैसे ही पीड़ित अपने घर के पास पहुंचे, सूरज और उसके साथियों ने जान से मारने की नीयत से अपनी सफेद रंग की कार से पीड़ितों की बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। दोनों भाई बुरी तरह हुए घायल विशू के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों भाई बाइक समेत गिरकर काफी दूर तक घिसटते हुए गड्ढे में जा गिरे। हादसे में शिकायतकर्ता की बाईं बाजू, बाईं टांग, पैर की उंगलियों और दाएं हाथ में गंभीर चोटें आईं, जबकि उसके भाई जतिन कुमार की पीठ और सिर पर गहरी चोटें लगीं। विशू केो मुताबिक अनियंत्रित होकर गाड़ी आगे रुकने पर सूरज और अभय गाड़ी से दातर लेकर जान से मारने की नीयत से उनकी तरफ भागे। पहले बाइक को तोड़ा फिर लगा दी आग पुलिस द्वारा दर्ज की गई एफआईआर के मुताबिक खतरे को भांपते हुए शिकायतकर्ता ने किसी तरह अपने घायल भाई को खींचकर घर के अंदर किया और अंदर से कुंडी लगा ली। पीछा करते हुए पहुंचे सभी आरोपियों ने घर के बाहर गालियां देना शुरू कर दिया और दातर व अन्य तेजधार हथियारों से बाहर खड़ी बजाज पल्सर बाइक को बुरी तरह तोड़ा। इसके बाद आरोपियों ने मोटरसाइकिल को आग लगाकर पूरी तरह जला दिया। आसपास के लोगों के जुटने पर आरोपी अपने हथियारों, कार और मोटरसाइकिलों समेत मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दर्ज किया मामला पीड़ित के बयान पर थाना सुजानपुर की पुलिस ने आरोपी सूरज, अभय, ऋषि, वरुण ठाकुर और उनके अन्य अज्ञात साथियों के खिलाफ जानलेवा हमला करने, गाड़ियों में टक्कर मारकर चोटें पहुंचाने, तोड़फोड़ और आगजनी करने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link

