श्रीगंगानगर में मासूम भाई-बहन पर सांड का हमला VIDEO:गुरुद्वारा में माथा टेकने जा रहे थे, 4 साल के सारांश का लिवर डेमेज
श्रीगंगानगर जिले के केसरीसिंहपुर में गुरुवार सुबह गुरुद्वारा में माथा टेकने घर से निकले मासूम भाई-बहन पर आवारा सांड ने जानलेवा हमला कर दिया। जिसमें दोनों भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। घटना केसरीसिंहपुर के वार्ड नंबर-14 के सिंधी मोहल्ले में हुई। जहां घर से स्कूल जाने से पहले रोज की तरह माथा टेकने निकले 4 साल के सारांश और उसकी 7 साल बहन टीवीशा पर अचानक एक खूंखार सांड ने हमला बोल दिया। सांड की टक्कर और सींगों से बचते-बचाते दोनों बच्चे घर की ओर भागे, लेकिन सांड पीछे ही पड़ा रहा। चीख-पुकार सुनकर बाहर निकले पिता संजय कुमार ने बच्चों को बचाने की कोशिश की तो सांड ने उन पर भी हमला कर दिया। आस-पास के लोगों ने लाठियों का सहारा लेकर किसी तरह सांड को भगाया। घटना में सबसे ज्यादा चोट सारांश को लगी है। उसके पेट में गहरा घाव है और लिवर पर गंभीर चोट पहुंची है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। जिसका श्रीगंगानगर के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। बेटी टीवीशा की हालत स्थिर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सांड लंबे समय से इलाके में घूम रहा था और पहले भी लोगों को परेशान कर चुका था। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया है। लोगों ने प्रशासन से ऐसे आवारा पशुओं पर तुरंत कार्रवाई की मांग की है।
Source link

