सीएम योगी आदित्यनाथ आज पीलीभीत में:कड़े सुरक्षा इंतजाम, विकास भवन के दफ्तर खुले रहे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को पीलीभीत में रहेंगे। जिला प्रशासन और पुलिस महकमे ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। उनके दौरे को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था में 1100 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इनमें चार एडिशनल एसपी, 10 क्षेत्राधिकारी, 47 थाना प्रभारी, 144 उपनिरीक्षक, 41 महिला उपनिरीक्षक, 624 कांस्टेबल और 94 महिला कांस्टेबल शामिल हैं। यातायात को सुचारु रखने के लिए एक ट्रैफिक इंस्पेक्टर, नौ ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर और 34 ट्रैफिक कांस्टेबल की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अतिरिक्त, 118 एलआईयू कर्मी, एक कंपनी पीएसी और 10 फायर टेंडर भी मुस्तैद रहेंगे। सुरक्षा को अभेद्य बनाने के लिए शाहजहांपुर, बरेली और बदायूं से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर रविवार को अवकाश होने के बावजूद विकास भवन परिसर स्थित अधिकांश कार्यालय खुले रहे। जिला पंचायत राज कार्यालय, समाज कल्याण, कृषि, मनरेगा और पशुपालन विभाग समेत विभिन्न दफ्तरों में अधिकारी व कर्मचारी दिनभर कामकाज निपटाने में व्यस्त रहे। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) के निर्देश पर सभी कार्यालयों को खोलकर तैयारियां पूरी की गईं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री बरखेड़ा के ग्राम पतरासा कुंवरपुर में 14 विभागों की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को लाभ और आर्थिक सहायता प्रदान करेंगे। इसके साथ ही, वर्ष 1964 से 1971 के बीच पूर्वी पाकिस्तान से विस्थापित होकर आए 352 बंगाली परिवारों को उनकी कृषि भूमि का मालिकाना हक (भूमिधरी अधिकार पत्र) सौंपा जाएगा। इस पहल से बंगाली समाज में खुशी का माहौल है। मंच पर मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद, प्रभारी मंत्री बलदेव सिंह औलख, गन्ना राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार सहित कुल 38 प्रमुख लोग उपस्थित रहेंगे।
Source link

