सुकमा में चलती कार में लगी आग, परिवार बाल-बाल बचा,VIDEO:शॉर्ट सर्किट से कार जलकर खाक, भद्राचलम मंदिर दर्शन से लौटते समय हुआ हादसा
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में चलती कार में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई और वह पूरी तरह जलकर खाक हो गई। हालांकि, समय रहते परिवार ने बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली और सभी सुरक्षित हैं। जानकारी के मुताबिक, सुकमा निवासी मनोज चांडक अपने परिवार के साथ भद्राचलम मंदिर दर्शन के बाद घर लौट रहे थे। उनकी टाटा हैरियर कार (CG 26 E 4837) में पत्नी, बच्चे और मां भी सवार थे। दरभा गुड़ा के पास अचानक कार में तकनीकी खराबी आ गई। कुछ ही देर में शॉर्ट सर्किट हुआ और गाड़ी रुकते ही उसमें आग लग गई। परिवार ने तुरंत बाहर निकलकर जान बचाई, जिसके बाद कार देखते ही देखते पूरी तरह जल गई। मनोज चांडक ने बताया कि वे करीब 80 की स्पीड से गाड़ी चला रहे थे, तभी अचानक गाड़ी का सिस्टम फेल हो गया और ब्रेक भी काम नहीं कर रहा था। उन्होंने किसी तरह गाड़ी को साइड लगाया। इसी दौरान बोनट से धुआं निकलने लगा। उन्होंने बताया कि बोनट खोलने की कोशिश की गई, लेकिन वह नहीं खुला। इसके बाद उन्होंने तुरंत परिवार को बाहर निकाला और पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैल गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बच गए।
Source link

