स्मार्ट मीटर लगाने पर हंगामा, सड़क पर उतरे लोग:अशोकनगर में कर्मचारियों के पहुंचते ही विरोध, वार्ड-16 में तनाव का माहौल

स्मार्ट मीटर लगाने पर हंगामा, सड़क पर उतरे लोग:अशोकनगर में कर्मचारियों के पहुंचते ही विरोध, वार्ड-16 में तनाव का माहौल




अशोकनगर शहर के वार्ड क्रमांक 16 मोहरी रोड क्षेत्र में शुक्रवार को स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। विद्युत विभाग की टीम के पहुंचते ही बड़ी संख्या में महिला-पुरुष सड़क पर उतर आए और मीटर लगाने का विरोध शुरू कर दिया। स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि विभाग द्वारा बिना पूर्व सूचना और सहमति के घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि पहले ही करीब दो दर्जन घरों में मीटर लगाए जा चुके हैं। जब विभाग की टीम दोबारा मीटर लगाने पहुंची तो लोगों ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान कर्मचारियों और रहवासियों के बीच जमकर बहस हुई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। रहवासियों ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर कर्मचारियों ने एफआईआर कराने और पूरे मोहल्ले की बिजली काटने की धमकी दी। कुछ लोगों का कहना है कि कर्मचारी बिजली काटने के लिए खंभे पर भी चढ़ने लगे थे। विवाद बढ़ा, टीम लौटी; सड़क पर बैठकर प्रदर्शन
विवाद बढ़ने पर बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए, जिसके बाद विद्युत विभाग की टीम वापस लौट गई। इसके बाद आक्रोशित लोग सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस और विद्युत विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में वार्डवासियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। इसमें बिना सहमति मीटर लगाने पर रोक लगाने, लगे हुए मीटर हटाने और संबंधित कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की गई है। अभिमन्यु पटेल नामक कर्मचारी पर अभद्र व्यवहार और महिलाओं को धमकाने के आरोप भी लगाए गए हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!