स्वतंत्रता दिवस से पहले पंजाब पुलिस अलर्ट:डीजीपी गौरव यादव ने अमृतसर और बॉर्डर रेंज में सुरक्षा व्यवस्था और चौकसी की समीक्षा की
स्वतंत्रता दिवस 2026 को लेकर पंजाब पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। इसी कड़ी में पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने आज अमृतसर कमिश्नरेट और बॉर्डर रेंज की सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान खास तौर पर सीमावर्ती जिलों में सुरक्षा इंतजामों और संभावित चुनौतियों को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई। डीजीपी गौरव यादव ने संवेदनशील सीमावर्ती इलाकों, प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, भीड़भाड़ वाले स्थानों, बड़े शहरी क्षेत्रों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सभी संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। डीजीपी ने निवारक कार्रवाई तेज करने, नियमित गश्त बढ़ाने और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया। साथ ही सार्वजनिक कार्यक्रमों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर प्रभावी क्राउड मैनेजमेंट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत और प्रभावी तरीके से निपटा जा सके। उन्होंने सभी सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस इकाइयों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने को कहा। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने और किसी भी संभावित चुनौती का समय रहते आकलन कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पंजाब पुलिस का मुख्य फोकस सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी मजबूत करने, सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर है।
Source link

