हरियाणा में इबोला वायरस को लेकर अलर्ट:करनाल में10 बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार होगा,सरकार की एडवाइजरी जारी, अफ्रीका में बढ़ते मामलों से बढ़ी चिंता
इबोला वायरस को लेकर केंद्र और हरियाणा सरकार अलर्ट हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों को एडवाइजरी जारी कर दी है। इसके तहत करनाल के सिविल अस्पताल में विशेष तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। अस्पताल में जल्द ही 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड बनाया जाएगा और एक डॉक्टर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा, ताकि किसी भी संभावित स्थिति से निपटा जा सके। अस्पताल में शुरू हुई तैयारी
करनाल के सरकारी अस्पताल में डॉक्टर दीपक ने बताया कि भारत सरकार की ओर से इबोला वायरस के संदर्भ में एडवाइजरी जारी की गई है। यह एडवाइजरी हरियाणा सरकार के माध्यम से सिविल अस्पताल करनाल को भी प्राप्त हुई है। निर्देशों के अनुसार एक डॉक्टर को नोडल अधिकारी बनाया जाना है। साथ ही 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि आज या कल तक अस्पताल में यह वार्ड तैयार कर दिया जाएगा। खतरनाक बीमारी, जानलेवा साबित हो सकती है
डॉक्टर दीपक ने बताया कि इबोला वायरस दुनिया की सबसे खतरनाक बीमारियों में से एक है। हाल ही में अफ्रीका के कांगो और युगांडा जैसे देशों में इसके मामले सामने आए हैं, जिससे पूरी दुनिया सतर्क हो गई है। यह एक गंभीर और अक्सर जानलेवा वायरल बीमारी है, जिसे इबोला वायरस डिजीज भी कहा जाता है। इसकी पहचान सबसे पहले 1976 में अफ्रीका में हुई थी। ऐसे फैलता है वायरस और ये हैं लक्षण
जानकारी के मुताबिक, यह वायरस संक्रमित जानवरों से इंसानों में और फिर इंसान से इंसान में फैलता है। इसके मुख्य लक्षणों में तेज बुखार, सिरदर्द, कमजोरी, उल्टी और दस्त शामिल हैं। गंभीर मामलों में मरीज के शरीर में अंदरूनी और बाहरी रक्तस्राव भी हो सकता है। इसकी मृत्यु दर 30 से 50 प्रतिशत तक मानी जाती है। भारत में अभी कोई मामला नहीं, लेकिन सतर्कता बढ़ी
वर्तमान स्थिति की बात करें तो 2026 में अफ्रीका के कुछ देशों में इबोला का नया प्रकोप सामने आया है, जिसके चलते विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इसे वैश्विक स्वास्थ्य आपात स्थिति घोषित किया है। हालांकि भारत में अभी तक इबोला का कोई कन्फर्म केस सामने नहीं आया है। कुछ संदिग्ध मामलों की जांच की गई, लेकिन उनकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है। इसके बावजूद सरकार ने देशभर में निगरानी बढ़ा दी है। विदेश यात्रा को लेकर जारी की गई एडवाइजरी
सरकार की ओर से ट्रेवल एडवाइजरी भी जारी की गई है। लोगों को कांगो, युगांडा और साउथ सूडान जैसे प्रभावित देशों में गैर जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त कदम उठाने की तैयारी भी की जा रही है।
Source link

