हिमाचल CM बोले- EVM को हैक किया जा सकता है:बंगाल में BJP को TMC के खिलाफ एंटी इनकंबेंसी का फायदा, भाजपा मना रही जश्न
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक बार फिर ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए सियासी बहस छेड़ दी है। उन्होंने कहा कि ईवीएम को हैक किया जा सकता है और यह बात स्पष्ट है। सीएम सुक्खू ने साल 2014 के लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस को 15 से 20 फीसदी वोट मिले थे, जो कि अपेक्षा से बहुत कम थी। उन्होंने उस दौरान भी ईवीएम पर शंकाएं जाहिर की थी। मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल चुनाव पर कहा कि भारतीय जनता को टीएमसी के खिलाफ 15 साल की एंटी इनकमबेंसी का फायदा मिला है। भाजपा ने ध्रुवीकरण की राजनीति की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पहली बार पश्चिम बंगाल में 284 सीटों पर उम्मीदवार उतारकर अपनी मौजूदगी मजबूत करने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि भविष्य में कांग्रेस अपनी विचारधारा को और मजबूती से आगे बढ़ाएगी और आने वाले समय में भाजपा के साथ सीधा मुकाबला होगा। संवैधानिक संस्थाओं का राजनीतिक हथियार के तौर पर इस्तेमाल किया:CM सुखविंदर सुक्खू ने कहा- वर्तमान दौर में लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव बढ़ा है। ईडी, सीबीआई और चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं का इस्तेमाल राजनीतिक हथियार के तौर पर किया जा रहा है, जबकि पहले ऐसा नहीं होता था। शिमला में बीजेपी का जश्न वहीं, दूसरी ओर भाजपा नेता व कार्यकर्ता शिमला के सीटीओ पर चौक पर इकट्ठे हो रहे हैं और जश्न मनाने की तैयारी है। इस दौरान पार्टी नेता खासकर पश्चिम बंगाल चुनाव में मिली जीत की खुशी में लड्डू बांटेंगे। इसी तरह राज्य के अन्य शहरों में भी बीजेपी वर्कर जीत का जश्न मना रहे हैं और पटाखे फोड़े जा रहे हैं। राहुल गांधी की तरह CM सुक्खु बने भाजपा के ‘स्टार प्रचारक: BJP CM सुक्खु द्वारा ईवीएम को लेकर दिए बयान को भाजपा ने गैर-जिम्मेदाराना, भ्रामक और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर अविश्वास फैलाने वाला बताया। पूर्व मंत्री एवं विधायक बिक्रम ठाकुर और बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल ने कहा कि यदि ईवीएम इतनी ही असुरक्षित और “हैक” होने वाली मशीनें हैं, तो क्या कांग्रेस ने इन्हीं ईवीएम के माध्यम से हिमाचल में सरकार बनाई थी? क्या उस समय ईवीएम ठीक थीं और आज खराब हो गईं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि सुक्खु आज भाजपा के अनौपचारिक ‘स्टार प्रचारक’ बन चुके हैं। जहां-जहां वे जाते हैं, वहां भाजपा को प्रचंड समर्थन मिलता है और कांग्रेस का सफाया हो जाता है। जिस प्रकार राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस लगातार हार का सामना कर रही है, उसी राह पर सुक्खु भी कांग्रेस को और कमजोर करने में लगे हैं।
Source link

