19 सितंबर को इंदौर में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम:बुरहानपुर में घर-घर जाकर हो रहा रजिस्ट्रेशन, 1 लाख युवा जुटाने का लक्ष्य
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम 19 सितंबर को इंदौर में होगा। कार्यक्रम रीजनल पार्क के सामने खाली जमीन पर आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसमें छात्रों और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए बुरहानपुर कांग्रेस कमेटी ने भी संपर्क अभियान शुरू किया है। शहर कांग्रेस जिला महामंत्री आशीष भगत ने घर-घर जाकर युवाओं का रजिस्ट्रेशन किया। कार्यक्रम में सिर्फ छात्र और युवा रहेंगे शहर कांग्रेस जिला महामंत्री आशीष भगत ने बताया कि कार्यक्रम में राहुल गांधी के साथ सिर्फ छात्र और युवा मौजूद रहेंगे। सभी पदाधिकारी बाहर रहकर व्यवस्था संभालेंगे और कोई भी नेता कार्यक्रम स्थल के अंदर नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में एक लाख छात्र और युवाओं को शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। कॉलेज और कोचिंग सेंटरों पर रजिस्ट्रेशन की अपील भगत ने कांग्रेस पदाधिकारियों से कहा कि युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ता कॉलेज, विश्वविद्यालय और कोचिंग सेंटरों में जाकर युवाओं का रजिस्ट्रेशन कराएं। वहीं ब्लॉक, वार्ड, शहर और जिला कांग्रेस के पदाधिकारी घर-घर जाकर युवाओं से संपर्क करें और उनका पंजीयन कराएं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता खुद का पंजीयन करने के बजाय अपने परिवार में पढ़ाई कर रहे बच्चों का रजिस्ट्रेशन करवाएं। युवाओं से कॉलेज, मित्र समूह और सोशल मीडिया पर कार्यक्रम का क्यूआर कोड ज्यादा से ज्यादा साझा करवाने की अपील की गई है। स्कूल, छात्रावास और कैंटीन तक पहुंचाने की तैयारी कांग्रेस की ओर से कॉलेज, छात्रावास, कोचिंग सेंटर और स्कूलों तक संपर्क करने की योजना बनाई गई है। इसके अलावा विद्यार्थियों के बैठने वाले स्थानों जैसे रेस्टोरेंट, चाय की दुकानों और कैंटीन आदि पर भी क्यूआर कोड उपलब्ध कराने की बात कही गई है। भगत ने कार्यकर्ताओं से बैनर, होर्डिंग, पोस्टर, स्टीकर और पर्चों के माध्यम से क्यूआर कोड का बड़े पैमाने पर प्रचार करने का अनुरोध किया है। कांग्रेस का लक्ष्य ज्यादा से ज्यादा छात्रों और युवाओं को कार्यक्रम से जोड़ना है।
Source link

