इंदौर में 12वीं के छात्र ने किया सुसाइड:फिजिक्स-केमिस्ट्री का पेपर बिगड़ने से तनाव में था, अपने कमरे में लगाई फांसी
मप्र माध्यमिक शिक्षा मंडल के हायर सेकंडरी का फिजिक्स और केमिस्ट्री का पेपर बिगड़ने से दुखी छात्र ने सुसाइड कर लिया। वह शनिवार को अपने कमरे में फंदे पर लटका हुआ मिला। उसने कोई सुसाइड नोट भी नहीं छोड़ा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। छात्र का सोमवार को मेथ्स का पेपर था। लसूड़िया पुलिस के मुताबिक ओमेक्स सिटी में रहने वाले 17 साल के छात्र नचिकेत पुत्र राजेश कामदार ने शनिवार को अपने कमरे में फांसी लगा ली। उसके फिजिक्स और केमिस्ट्री के पेपर बिगड़ गए थे। यह बात उसने अपने पिता राजेश को बताई थी और उन्होंने समझाया भी था कि तनाव लेने की जरूरत नहीं है। दो दिन से कमरे से बाहर नहीं निकला पेपर बिगड़ने के बाद से तनाव में रह रहा नचिकेत दो दिन से कमरे से बाहर नहीं निकला था। उसने बताया था कि वह अगले पेपर की तैयारी कर रहा है। शनिवार को उसके छोटे भाई ने उसे फंदे पर लटका देखा। परिजनों ने बताया कि वह पढ़ाई में होशियार था पर उसके दो पेपर बिगड़ गए थे, जिससे वह परेशान हो गया था। नचिकेत निजी कोचिंग में भी पढ़ाई कर रहा था। पुलिस ने शव परिजनों के सुपुर्द किया पोस्ट मार्टम के बाद पुलिस ने छात्र का शव उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है और वे शव लेकर सलकनपुर के लिए रवाना हो गए हैं। बता दें कि नचिकेत के पिता राजेश राऊ के एक कॉलेज में टीचर हैं और मां पटवारी हैं। उनकी पोस्टिंग शिप्रा इलाके में है। परिवार मूल रूप से सलकनपुर (सीहोर) का रहने वाला है।
Source link

