डेढ़ करोड़ के मंदिर में भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा:झाबुआ के रायपुरिया में बना सफेद संगमरमर का भव्य धाम; चांदी के कपाट बने आकर्षण
झाबुआ जिले के रायपुरिया में गुरुवार को पाटीदार समाज द्वारा नवनिर्मित श्रीराम मंदिर में भगवान राम-जानकी, मां भगवती और राधा-कृष्ण की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा हुई। लगभग डेढ़ करोड़ की लागत से यह मंदिर पूर्णतः सफेद संगमरमर से बना है। इस भव्य ढांचे की विशेषता यह है कि इसके निर्माण में लोहे की एक भी कील का उपयोग नहीं किया गया है। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गर्भगृह में स्थापना सात दिवसीय धार्मिक आयोजन के अंतिम दिन आचार्य देवेंद्र शास्त्री के सानिध्य में विशेष हवन और यज्ञ किया गया। वैदिक विधि-विधान के साथ प्रतिमाओं का गर्भगृह में स्थापन हुआ, जिसके बाद मंत्रोच्चार के बीच ‘नेत्रोन्मीलन’ प्रक्रिया पूरी की गई। प्राण प्रतिष्ठा से पहले देव प्रतिमाओं का पवित्र जल और सुगंधित द्रव्यों से अभिषेक कर नवीन वस्त्र पहनाए गए। चांदी के कपाट और नक्काशीदार ढांचा मंदिर के कपाट शुद्ध चांदी से तैयार किए गए हैं, जो श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। आचार्य देवेंद्र शास्त्री ने इस अवसर पर कहा कि प्राण प्रतिष्ठा के उपरांत मूर्ति साक्षात ईश्वर का रूप धारण कर लेती है। आयोजन के दौरान मंदिर निर्माण समिति, पाटीदार समाज और ग्रामीणों के सहयोग से प्रतिष्ठा महोत्सव के सभी अनुष्ठान पूर्ण हुए। महाआरती के बाद हजारों ने ग्रहण की प्रसादी प्रतिष्ठा समारोह में पेटलावद एसडीओपी अनुरवित सबनानी और महंत दयाराम दास महाराज सहित बड़ी संख्या में लाेग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर महाआरती का आयोजन किया गया। इसके बाद आयोजित भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। आयोजन की शुरुआत एक सप्ताह पूर्व भव्य कलश यात्रा के साथ की गई थी। देखें तस्वीरें…
Source link

