लवकुश चौराहा पर सिक्स लेन लेवल-2 फ्लायओवर को मिली गति:पहली ‘बो स्ट्रिंग’ लॉन्च, रात में 400 मीट्रिक टन वजनी स्ट्रक्चर 23 मीटर ऊंचाई पर स्थापित, 175 करोड़ की लागत वाला पुल
इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा लव कुश चौराहे पर निर्माणाधीन सिक्स लेन लेवल-2 फ्लायओवर के तहत प्रथम ‘बो स्ट्रिंग’ स्पान की सफल लॉन्चिंग कर दी गई। यह कार्य देर रात किया गया, ताकि यातायात का दबाव शून्य रहे और किसी प्रकार की असुविधा न हो। आईडीए के सीईओ डॉ. परीक्षित झाड़े ने बताया कि फ्लायओवर की कुल लंबाई 1452 मीटर है। इसमें 19 सेगमेंटल स्पान, चार कंपोजिट गर्डर और एक बो स्ट्रिंग स्पान शामिल है। बो स्ट्रिंग स्पान की लंबाई 65 मीटर है तथा कुल दो बो स्ट्रिंग लॉन्च की जानी हैं। पहली बो स्ट्रिंग, जिसका वजन लगभग 400 मीट्रिक टन है, उसे 23 मीटर ऊंचाई पर स्थापित किया गया। इस प्रक्रिया में लगभग 800 मीट्रिक टन स्टील स्टेजिंग और गर्डर का उपयोग किया गया। स्ट्रक्चर को फिट करने के लिए 600 टन और 300 टन क्षमता की क्रेनों का सहारा लिया गया। बो स्ट्रिंग लॉन्चिंग के लिए तीन विंच मशीनों के माध्यम से पीटीएफई (PTFE) पुलिंग तकनीक अपनाई गई। पहली बो स्ट्रिंग को साइड शिफ्ट करने के साथ ही दूसरी बो स्ट्रिंग पर भी कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। गौरतलब है कि 175 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह फ्लायओवर प्रदेश में अपने प्रकार का पहला पुल है। इसके पूर्ण होने पर उज्जैन रोड की ओर आने-जाने वाला यातायात अधिक सुगम और व्यवस्थित हो सकेगा।
Source link

