रामगढ़ में होमगार्ड बहाली अटकी:छात्रों ने डीसी ऑफिस तक निकाली आक्रोश पैदल यात्रा, नियुक्ति प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग
रामगढ़ जिले में होमगार्ड बहाली प्रक्रिया शुरू न होने से नाराज सैकड़ों छात्रों ने सोमवार को पैदल मार्च निकाला। यह मार्च रामगढ़ के सुभाष चौक से शुरू होकर उपायुक्त कार्यालय तक पहुंचा। छात्रों ने शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांग रखी। इस पैदल मार्च में रामगढ़ जिले के सभी छह प्रखंडों-रामगढ़, पतरातू, गोला, मांडू, चितरपुर और दुल्मी के युवा बेरोजगार छात्र शामिल हुए। दरअसल, महानिदेशक सह महासमादेष्टा गृह रक्षक वाहिनी एवं अग्निशमन सेवाएं, झारखंड, रांची द्वारा रामगढ़ जिले में होमगार्ड के 282 पदों पर बहाली के लिए 8 जुलाई 2025 को आदेश जारी किया गया था। हालांकि, इस आदेश का पालन अभी तक रामगढ़ जिले में नहीं किया गया है। युवाओं ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से कई बार मुलाकात की, लेकिन कोई सकारात्मक परिणाम नहीं निकला। होमगार्ड नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इसी के मद्देनजर, छात्रों ने होमगार्ड नियुक्ति प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग को लेकर ‘छात्र आक्रोश पैदल यात्रा’ निकालने का निर्णय लिया। सैकड़ों की संख्या में छात्र सुभाष चौक से उपायुक्त कार्यालय तक पहुंचे और अपनी आवाज बुलंद की।
Source link

