रणथंभौर में कैनाइन डिस्टेंपर वायरस की रोकथाम के लिए वैक्सीनेशन:पहले दिन आमली और फलौदी रेंज के चिन्हित गांवों में हुआ वैक्सीनेशन
रणथम्भौर टाइगर रिजर्व में कैनाइन डिस्टेंपर वायरस (CDV) को लेकर वन विभाग अलर्ट नजर आ रहा है। इसी कड़ी में रणथम्भौर टाइगर रिजर्व के आमली एवं फलोदी रेंज के चिन्हित गांवों में कैनाइन डिस्टेंपर वायरस (CDV) के नियंत्रण और रोकथाम के लिए सोमवार को विशेष टीकाकरण अभियान प्रारम्भ किया गया। जिसके तहत इन गांवों में आवारा डॉग्स का टीकाकरण किया जा रहा है। यह अभियान रणथम्भौर टाइगर रिजर्व के वाइल्ड लाइफ हॉस्पिटल की वेटरनरी टीम द्वारा वन विभाग के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। जिसके तहत पहले दिन करीब 15-20 डॉग्स को टीके लगाए गए। आ CDV संक्रमण के संभावित खतरे के चलते हो रहा है वैक्सीनेशन रणथंभौर टाइगर रिजर्व के डीएफओ मानस सिंह ने बताया कि अभियान के अंतर्गत चिन्हित क्षेत्र के गांवों में डॉग्स का टीकाकरण किया जा रहा है, ताकि CDV संक्रमण के संभावित खतरे को कम किया जा सके। वन्यजीवों, विशेषकर बाघ एवं अन्य मांसाहारी वन्यजीवों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वेटरनरी टीम द्वारा गांव-गांव जाकर टीकाकरण कार्य किया जा रहा है और स्थानीय ग्रामीणों को भी CDV के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अभियान के दौरान पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ आवश्यक निगरानी भी सुनिश्चित की जा रही है। डीएफओ सिंह ने बताया गया कि वन्यजीव संरक्षण के दृष्टिकोण से इस प्रकार के निवारक कदम अत्यंत आवश्यक हैं और भविष्य में भी चिन्हित क्षेत्रों में निगरानी एवं टीकाकरण गतिविधियां नियमित रूप से जारी रखी जाएंगी।
Source link

