15 हजार का इनामी 5 साल से फरार नकबजन गिरफ्तार:2021 की करोड़ों के जेवर-नकदी चोरी केस में वांछित था आरोपी

15 हजार का इनामी 5 साल से फरार नकबजन गिरफ्तार:2021 की करोड़ों के जेवर-नकदी चोरी केस में वांछित था आरोपी




जवाहर नगर थाना और CST जयपुर ने नकबजनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 15 हजार रुपए के इनामी और करीब 5 साल से फरार चल रहे शातिर नकबजन सोनू उर्फ सोन्या बागरिया को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी 2021 में जवाहर नगर इलाके में हुई बड़ी नकबजनी के मामले में वांछित था। इस मामले में उसके 4 साथियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। डीसीपी ईस्ट रंजीता शर्मा ने बताया कि पीड़ित अजय कुमार गुप्ता ने 20 नवंबर 2021 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 19 नवंबर को वह दुकान चला गया था और परिवार रिश्तेदारी में कार्यक्रम में गया हुआ था। शाम को पत्नी लौटी तो घर के ताले टूटे मिले और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। बदमाश अलमारी के ताले तोड़कर 2.70 लाख रुपए नकद, सोने-चांदी के जेवर, मोती सेट, चांदी के सिक्के, चांदी के गिलास, बच्ची के टॉप्स, मांग टीका, नोज पिन, आधार-पैन कार्ड और CCTV की DVR तक चोरी कर ले गए। मामले में जवाहर नगर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पूर्व में पुलिस शैतान सिंह बागरिया, हनुमान उर्फ शिवराम, शिवराज उर्फ होराज और तेजू उर्फ तेजा बागरिया को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि मुख्य फरार आरोपी सोनू उर्फ सोन्या लगातार पुलिस से बचता रहा। जिसके बाद पुलिस टीम ने लगातार आसूचना संकलन और तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपी सोनू उर्फ सोन्या बागरिया (25) निवासी गांव सापुणदा, थाना सरवाड़, जिला अजमेर को डिटेन कर गिरफ्तार किया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर अनुसंधान के लिए रिमांड पर लिया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी का जयपुर शहर और अजमेर जिले में नकबजनी के कई मामलों में लंबा आपराधिक रिकॉर्ड है। पूछताछ में अन्य वारदातों के खुलासे की भी संभावना जताई जा रही है। ऐसे देता था वारदात को अंजाम
थानाधिकारी महेश चन्द्र गुर्जर ने बताया कि आरोपी देर रात और दिन में आवासीय कॉलोनियों में घूमकर रेकी करता था। बाहर से लॉक लगे लग्जरी मकानों को चिन्हित कर ताले तोड़कर अंदर घुसता और सोने-चांदी के जेवर व नकदी लेकर फरार हो जाता था। गौरतलब है कि आरोपी की गिरफ्तारी पर साल 2025 में डीसीपी ईस्ट कार्यालय की ओर से 15,000 रुपए का इनाम घोषित किया गया था। अब पुलिस उससे पूछताछ कर अन्य नकबजनी की वारदातों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!