फैशन कलेक्शन से दिखाई आधुनिक महिला की पहचान:स्टूडेंट्स के बनाए डिजाइन को मॉडल्स ने किया पेश, आठ अलग-अलग थीम ने बटोरी सुर्खियां

फैशन कलेक्शन से दिखाई आधुनिक महिला की पहचान:स्टूडेंट्स के बनाए डिजाइन को मॉडल्स ने किया पेश, आठ अलग-अलग थीम ने बटोरी सुर्खियां




जयपुर के सी-स्कीम स्थित एलेन कॉलेज ऑफ डिजाइन में भव्य फैशन शो द एलेनाइट शोकेस 2026 का रंगारंग आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की ओर से तैयार किए गए अनूठे फैशन कलेक्शंस ने दर्शकों को फैशन, कला और नवाचार का शानदार संगम दिखाया। कॉलेज के डायरेक्टर, फैकल्टी, अभिभावकों और अतिथियों की मौजूदगी में आयोजित इस शोकेस ने डिजाइन शिक्षा की रचनात्मकता को मंच प्रदान किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसमें कॉलेज के डायरेक्टर राम यादव सहित फैकल्टी सदस्यों ने भाग लिया। इस अवसर पर बताया गया कि संस्थान विश्वकर्मा स्किल यूनिवर्सिटी से संबद्ध है और फैशन व इंटीरियर डिजाइन के क्षेत्र में विद्यार्थियों को इंडस्ट्री-ओरिएंटेड शिक्षा प्रदान कर रहा है। फैशन शो में विद्यार्थियों ने आठ अलग-अलग थीम पर आधारित कलेक्शंस प्रस्तुत किए, जिनमें हर डिजाइन के पीछे एक विचार, एक कहानी और महीनों की मेहनत दिखाई दी। टिंटेड क्राफ्ट थीम में पारंपरिक हस्तशिल्प को आधुनिक रंगों और टेक्सचर के साथ प्रस्तुत किया गया। डिजाइनों में रंगों के आकर्षक संयोजन और कलात्मक पैटर्न देखने को मिले। काज रेख कलेक्शन में बारीक कढ़ाई, पारंपरिक पैटर्न और सूक्ष्म रेखाओं के माध्यम से क्लासिक फैशन को आधुनिक रूप दिया गया। यह कलेक्शन भारतीय शिल्पकला की खूबसूरती को दर्शाता नजर आया। स्थला थीम प्रकृति और धरती के रंगों से प्रेरित थी। इसमें मिट्टी के रंग, प्राकृतिक टेक्सचर और सरल लेकिन प्रभावशाली डिजाइन का समावेश देखने को मिला। अनबाउंड नारी कलेक्शन महिला सशक्तिकरण पर आधारित रहा। इसमें डिजाइनर्स ने स्वतंत्रता, आत्मविश्वास और आधुनिक महिला की पहचान को परिधानों के माध्यम से व्यक्त किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। ताज थीम में शाही अंदाज और रॉयल एलिगेंस की झलक देखने को मिली। इस कलेक्शन में समृद्ध फैब्रिक, अलंकरण और क्लासिक सिल्हूट के माध्यम से राजसी फैशन को दर्शाया गया। ग्रेस इन वाइल्ड कलेक्शन में प्रकृति और वन्यजीवन से प्रेरित पैटर्न और टेक्सचर दिखाई दिए, जिसमें बोल्ड डिजाइन और आधुनिक फैशन का अनूठा संयोजन देखने को मिला। सूत्रधार थीम में भारतीय परंपरा और लोककथाओं को फैशन के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। इस कलेक्शन में पारंपरिक तत्वों को समकालीन स्टाइल के साथ जोड़ा गया, जिसने दर्शकों को विशेष रूप से आकर्षित किया। रिफ्लेक्शन ऑफ राजस्थान कलेक्शन में राजस्थान की संस्कृति, रंगों और लोककला की झलक देखने को मिली। इसमें पारंपरिक मोटिफ, रंगीन फैब्रिक और क्षेत्रीय कला का खूबसूरत समावेश था, जिसने रैंप पर राजस्थान की पहचान को जीवंत कर दिया। फैशन शो में देशभर से आए पेशेवर मॉडलों ने विद्यार्थियों के डिजाइनों को रैंप पर प्रस्तुत किया, जिससे शो की भव्यता और बढ़ गई। हर सीक्वेंस के बाद दर्शकों की तालियों की गूंज ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम के अंत में ग्रैंड फिनाले वॉक आयोजित की गई, जिसमें सभी डिजाइनर्स और मॉडल्स ने एक साथ मंच साझा किया। आयोजन के समापन पर अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!