पानीपत में अवैध हथियार सप्लायर गिरफ्तार:हत्या के मामले में बेल पर आया था बाहर, पैसे कमाने के लालच में बेची थी
पानीपत पुलिस की सीआईए वन (CIA-1) टीम ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में छोटूराम चौक के पास से एक अवैध असला सप्लायर को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान मनमोहन नगर निवासी जावेद के रूप में हुई है, जो पहले भी संगीन आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है। हथियार खरीदार की निशानदेही पर हुई गिरफ्तारी सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि यह कार्रवाई 23 जनवरी को हुई एक गिरफ्तारी की कड़ी है। उस समय पुलिस टीम ने बबैल रोड गंदा नाला के पास से बादशाह खान निवासी बिहार, हाल कृष्णा गार्डन को एक देसी पिस्तौल और जिंदा कारतूस के साथ पकड़ा था। पूछताछ के दौरान बादशाह खान ने कबूला था कि उसने यह हथियार मनमोहन नगर के जावेद से 15 हजार रुपए में खरीदे थे। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस जावेद की तलाश कर रही थी। 10 हजार में खरीदकर 15 हजार में बेचा मंगलवार शाम को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सीआईए वन की टीम ने छोटूराम चौक के पास गंदा नाला क्षेत्र में घेराबंदी कर जावेद को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी जावेद ने स्वीकार किया कि उसने शॉर्टकट तरीके से पैसे कमाने के लालच में एक अन्य युवक से 10 हजार रुपए में देसी पिस्तौल और कारतूस खरीदे थे और बाद में उसे मुनाफा कमाकर बादशाह खान को 15 हजार रुपए में बेच दिया। आपराधिक इतिहास: 5 माह पहले ही जेल से आया था बाहर जांच में सामने आया है कि आरोपी जावेद का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। उसके खिलाफ थाना चांदनी बाग में हत्या का एक मामला दर्ज है। इस मामले में वह पिछले काफी समय से जेल में था और करीब 5 महीने पहले ही बेल (जमानत) पर बाहर आया था। जेल से बाहर आने के बाद उसने फिर से अपराध की दुनिया में कदम रखते हुए हथियारों की सप्लाई शुरू कर दी। न्यायिक हिरासत में भेजा गया जेल पुलिस ने आरोपी जावेद को बुधवार को गहन पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश किया। अदालत ने आरोपी की दलीलों को सुनने और पुलिस के साक्ष्यों के आधार पर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब उस युवक की तलाश कर रही है जिससे जावेद ने हथियार खरीदे थे।
Source link

