जमशेदपुर में दो नाबालिगों पर चापड़ से हमला:दोनों घायल, बिरसानगर धोबी मोड़ पर हुई घटना; आपसी विवाद में वारदात की आशंका
जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र के धोबी मोड़ पर मंगलवार शाम दो नाबालिगों पर चापड़ से हमला किया गया। दोनों घायल नाबालिगों का अस्पताल में इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना उस समय हुई, जब दो अलग-अलग बाइकों पर सवार किशोरों के बीच अचानक विवाद हो गया। यह विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। एक बाइक पर सवार युवकों ने दूसरी बाइक पर जा रहे दो नाबालिगों पर चापड़ से हमला कर दिया। हमले के दौरान घबराकर दूसरी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हमलावरों ने जान बचाने के लिए भाग रहे किशोरों का पीछा किया और कुछ दूरी पर घेरकर उन पर कई वार किए। इस हमले में एक किशोर की पीठ पर गंभीर चोट आई है, जबकि दूसरे के कान के पास गहरी चोट लगी है। बीच सड़क पर हुई इस घटना से इलाके में अफरातफरी मच गई। हमलावर घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस घायलों से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद को घटना का कारण माना जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं पर जांच जारी है।
Source link

