आलीराजपुर पुलिस ने 269 वाहनों पर की कार्रवाई:हेलमेट और ओवरलोडिंग नियमों के उल्लंघन पर चला विशेष अभियान
आलीराजपुर पुलिस ने जिले भर में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उल्लंघन करने वाले चालकों पर कार्रवाई के लिए एक विशेष चेकिंग अभियान शुरू किया है। इस सघन अभियान के तहत मंगलवार सुबह से कुल 269 वाहनों के चालान बनाए गए। पुलिस की इस कार्रवाई का मुख्य फोकस हेलमेट न पहनने वाले दोपहिया वाहन चालक और क्षमता से अधिक सवारी ढोने वाले ओवरलोड वाहन रहे। बनाए गए चालानों में 29 ओवरलोड चार पहिया वाहन, 21 मॉडिफाइड वाहन और 42 बिना हेलमेट के चालक शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, बिना बीमा के 6, बिना लाइसेंस के 1 और वाहन फिटनेस के 4 चालान भी बनाए गए। चेकिंग के दौरान चार पहिया वाहनों से अवैध रूप से लगे कैरियर भी हटाए गए। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चालानी कार्रवाई के साथ-साथ उन्हें भविष्य के लिए चेतावनी और समझाइश भी दी। बार-बार चेतावनी और चालानी कार्रवाई के बावजूद यातायात नियमों में सुधार न लाने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई भी की जा रही है। यह अभियान निरंतर जारी रहेगा, जिसमें चार पहिया वाहनों द्वारा क्षमता से अधिक सवारी ले जाने और ग्रामीण अंचलों से श्रमिकों को लाने-ले जाने वाले मालवाहक वाहनों पर विशेष नजर रखी जाएगी। आलीराजपुर पुलिस ने समस्त जिलावासियों से अपील की है कि वे यातायात नियमों को केवल कानूनी बाध्यता न समझें, बल्कि इसे अपनी सुरक्षा का एक ‘संस्कार’ बनाएं। पुलिस ने दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग करने और ओवरलोडिंग से बचने का आग्रह किया है।
Source link

