एमपी के अमरनाथ की अगस्त में शुरू होगी यात्रा:नागद्वार मंदिर तक पहुंचे कलेक्टर-एसपी, पथरीले और कठिन मार्ग पर पैदल की ट्रैकिंग
मध्यप्रदेश की प्रसिद्ध नागद्वारी यात्रा और नागपंचमी मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालु अनुकूल बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों की समीक्षा शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में नर्मदापुरम कलेक्टर सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा एस. थोटा, जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन और पिपरिया एसडीएम आकिब खान ने अधिकारियों के साथ नागद्वारी मार्ग की पैदल ट्रैकिंग कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। 7 अगस्त से शुरू होगी नागद्वारी यात्रा नागद्वारी यात्रा इस वर्ष 7 और 8 अगस्त से शुरू होकर नागपंचमी तक चलेगी। इस दौरान मध्यप्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालु सतपुड़ा की पहाड़ियों में स्थित नागद्वारी गुफा पहुंचकर नाग देवता के दर्शन करते हैं। हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आगमन को देखते हुए प्रशासन पहले से तैयारियों में जुट जाता है। संयुक्त निरीक्षण कर परखी गई व्यवस्थाएं शुक्रवार को नागपंचमी पर्व के पूर्व आयोजित होने वाले प्रसिद्ध नागद्वारी मेले की तैयारियों को लेकर कलेक्टर सोमेश मिश्रा के नेतृत्व में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान नागद्वारी मंदिर तक जाने वाले ट्रैकिंग मार्ग और मेला क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा। कठिन मार्ग पर पैदल पहुंचकर लिया जायजा कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने अधिकारियों के साथ कठिन पहाड़ी मार्ग का पैदल भ्रमण किया। इस दौरान जलगली, नागफनी, कालाझाड़, चिंतामन, चित्रशाला, स्वर्गद्वार, पश्चिमद्वार, नागद्वारी मंदिर और काजरी सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का सघन निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की स्थिति को देखा तथा आवश्यक सुधारों को लेकर चर्चा की। पेयजल, स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा निरीक्षण के दौरान पेयजल व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, सुरक्षा इंतजाम, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता, मार्ग सुधार, संचार व्यवस्था और आपदा प्रबंधन से जुड़ी तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया गया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं। ट्रैकिंग मार्ग सुधारने के निर्देश कलेक्टर मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए ट्रैकिंग मार्गों का समय पर सुधार किया जाए। जहां-जहां मार्ग क्षतिग्रस्त हैं या सुधार की आवश्यकता है, वहां तत्काल कार्य शुरू किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि मेला क्षेत्र में सभी मूलभूत सुविधाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर उपलब्ध कराई जाएं। विश्राम स्थलों और संकेतक बोर्डों पर भी फोकस निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विश्राम स्थलों, संकेतक बोर्डों और पर्यटक सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि यात्रा मार्ग पर पर्याप्त संकेतक लगाए जाएं ताकि श्रद्धालुओं को रास्ता खोजने में किसी प्रकार की दिक्कत न हो। इसके साथ ही विश्राम स्थलों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। प्रदेश के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल है नागद्वारी मेला कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने कहा कि नागद्वारी मेला प्रदेश के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में से एक है। इस आयोजन में मध्यप्रदेश के अलावा अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे महत्वपूर्ण आयोजन के सफल संचालन के लिए सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करना होगा, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। सभी विभागों को समन्वय से काम करने के निर्देश कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि मेले के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति नहीं बननी चाहिए। इसके लिए सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन समय पर करें और आपसी समन्वय बनाए रखें। उन्होंने कहा कि सुरक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सफाई, संचार और आपदा प्रबंधन जैसी व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। विभिन्न विभागों के अधिकारी रहे मौजूद निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा एस. थोटा, सतपुड़ा टाइगर रिजर्व की उप संचालक ऋषभा नेताम, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं महादेव मेला समिति के अध्यक्ष हिमांशु जैन, पिपरिया एसडीएम एवं महादेव मेला समिति के सचिव आकिब खान, सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के सहायक संचालक संजीव शर्मा, एसडीओपी पिपरिया मोहित यादव, तहसीलदार वैभव बैरागी सहित लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, वन विभाग, होमगार्ड, खाद्य सुरक्षा विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Source link

