चाची ने ही की थी 8 वर्षीय भतीजी की हत्या,अरेस्ट:किशनगंज में बच्ची हत्याकांड का 48 घंटे में खुलासा, गला दबाकर मारा था
किशनगंज के कोढ़ोबारी थाना क्षेत्र में 8 वर्षीय बच्ची शहरानी उर्फ साली प्रवीण की हत्या का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में बच्ची की चाची हैरूण निशा को आरोपी बनाकर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, बच्ची का शव 2 मई को दुर्गापुर गांव के एक मकई के खेत से बरामद हुआ था। इस संबंध में कोढ़ोबारी थाना में कांड संख्या-71/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसपी ने SIT का गठन किया घटना की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मंगलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। एसआईटी ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर लगातार छापेमारी और पूछताछ की। जांच के दौरान बच्ची की चाची हैरूण निशा का व्यवहार संदिग्ध लगा। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। थप्पड़ मारा फिर धक्का दिया आरोपी हैरूण निशा ने पुलिस को बताया कि उसके बेटे और बच्ची के बीच झगड़ा हो रहा था। गुस्से में उसने बच्ची को थप्पड़ मारा और धक्का दे दिया, जिससे वह गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई और बेहोश हो गई। इसके बाद उसने बच्ची को कमरे में छिपा दिया और बाद में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। शव को मकई के खेत में ले जाकर छिपाने के बाद वह खुद बच्ची की तलाश में शामिल हो गई थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल से टूटी चप्पल, खून से सने कपड़े और मच्छरदानी का टुकड़ा बरामद किया है। फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) टीम द्वारा विभिन्न स्थानों से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। मामले के अन्य पहलुओं की जांच पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी लगातार बयान बदलकर जांच को गुमराह करने की कोशिश कर रही थी। हालांकि, सघन जांच के बाद पुलिस ने इस मामले का सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। फिलहाल, मामले के अन्य पहलुओं पर भी जांच जारी है।
Source link

