UP Evening Bulletin Update; Lucknow District Court Controversy
.
आज की सबसे बड़ी खबर लखनऊ जिला कोर्ट के बाहर बने चैंबर्स पर बुलडोजर चलाए जाने पर वकीलों के विरोध और उनपर हुए लाठीचार्ज से जुड़ी है। वहीं, दूसरी बड़ी खबर उत्तर प्रदेश में बेमौसम बारिश के बाद पड़ रही भीषण गर्मी और लू को लेकर है। चलिए सिलसिलेवार तरीके से पढ़ते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा…
पहले टॉप 5 खबरें…
1- लखनऊ में वकीलों पर लाठीचार्ज, चैंबर पर बुलडोजर चलता देख भड़के
लखनऊ जिला कोर्ट के बाहर रविवार हंगामा हो गया। बुलडोजर से चैंबर तोड़े जाने के विरोध में वकील भड़क गए। कई वकील बुलडोजर के सामने खड़े हो गए। पुलिस ने हटाने की कोशिश की तो मामला बिगड़ गया। पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया, दौड़ा-दौड़ाकर लाठियां बरसाईं। भीड़ में भागते हुए कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। पुलिसकर्मी भी पत्थर उठाते देखे गए। पूरी खबर पढ़ें
2- यूपी में हीटवेव का अलर्ट, प्रयागराज पुलिस ने घोड़ों के लिए कूलर लगवाए
यूपी में आंधी-बारिश थमने के साथ ही भीषण गर्मी पड़ने लगी है। पारा 45°C तक पहुंच गया है। रविवार को अधिकतर शहरों में आसमान साफ रहा, तेज धूप निकली। उमस बढ़ी। 23 जिलों में हीटवेव का अलर्ट है। कानपुर में सड़कों पर स्प्रिंकलर से पानी छिड़का गया। प्रयागराज पुलिसलाइन में घोड़ों के लिए कूलर-पंखे लगाए गए हैं। गोरखपुर चिड़ियाघर में हाथी बार-बार नहा रहा। पूरी खबर पढ़ें
3- महिला सांसद पति के साथ बाइक पर बैठीं, फॉर्च्यूनर छोड़ विधायक ने रोडवेज बस पकड़ी
पीएम मोदी की पेट्रोल-डीजल बचाने की अपील के बीच लखीमपुर-खीरी में भाजपा विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह ने रविवार को फॉर्च्यूनर छोड़कर रोडवेज बस से सफर किया। मुरादाबाद में विधायक रितेश गुप्ता साइकिल से निकले। गाजीपुर में सांसद डॉ. संगीता बलवंत पति के साथ बुलेट से घूमीं। कुमार विश्वास पत्नी और दोनों बेटियों के साथ वृंदावन की गलियों में ई-रिक्शा से घूमे। पूरी खबर पढ़ें
4- हरदोई में शादी से मना करने पर लड़की के दोनों स्तन काटे; पेड़ से बांधकर पीटा
हरदोई में एकतरफा प्यार में 24 साल के सिरफिरे ने शादी से इनकार करने पर 17 साल की लड़की के दोनों स्तन काट दिए। रात में लड़की को जबरन उठा ले गया। सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ मारपीट की। पेड़ से बांधकर उसे लात-घूसों से पीटा। फिर अधमरा छोड़कर फरार हो गया। वह दिल्ली में बड़ी बहन के साथ रहती है। चचेरी बहन की शादी में गांव आई हुई थी। पूरी खबर पढ़ें
5- सीएम योगी ने अनुदेशकों को सम्मानित किया, अब 17 हजार मिलेगा
सीएम योगी ने कहा- अमेरिका जैसे संसाधन संपन्न देश में भी महंगाई चरम पर है। देशहित में हमें पीएम मोदी के साथ चलना चाहिए। सीएम, लखनऊ में अनुदेशकों को संबोधित कर रहे थे। रविवार को 24 हजार 717 अंशकालिक अनुदेशकों को सम्मानित करते हुए बढ़े मानदेय का चेक भी दिया। सरकार ने 1 अप्रैल से उनका मानदेय 9 हजार रुपए से बढ़ाकर 17 हजार रुपए किया है। पूरी खबर पढ़ें
अब अहम 8 खबरें…
6- अरशद मदनी बोले- मुसलमान न झुका है और न झुकेगा, इस्लाम को मिटाने वाले मिट गए
जमीयत उलेमा ए हिंद के अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी ने रविवार को कहा- देश में मस्जिदों, मकबरों और मदरसों को अवैध बताकर गिराया जा रहा है। इस्लाम को निशाना बनाया जा रहा, डराया-धमकाया जा रहा लेकिन, मुसलमान न कभी झुका है और न कभी झुकेगा। इस्लाम को मिटाने वाले खुद मिट गए। देश में नफरत की राजनीति अब धमकी की राजनीति में बदल चुकी है। पूरी खबर पढ़ें
7- बरेली में परीक्षा देने गई डीएलएड छात्रा की हत्या, यूनिफॉर्म पहने खेत में शव मिला
बरेली में परीक्षा देने गई 23 साल की डीएलएड छात्रा की हत्या कर दी गई। लाश शनिवार को हाईवे किनारे एक खेत में मिली। हाथ और पैर पर चोट के निशान थे। मुंह से खून निकला था। उसने कॉलेज यूनिफॉर्म पहना हुआ था। 15 मई को परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी। शाम तक वापस नहीं आई तो परिजन ने गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज कराई। परिजन ने 4 दोस्तों पर शक जताया। पूरी खबर पढ़ें
8- हमीरपुर में कार-ट्रक भिड़ंत में 4 की मौत, बागेश्वर धाम से लौट रहे थे
हमीरपुर में वैगनआर कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में कार ड्राइवर समेत 4 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में नवाबगंज के एक ही परिवार के 3 लोग शामिल हैं। सभी मध्यप्रदेश के छतरपुर में बाबा बागेश्वर धाम में दर्शन करने के बाद कानपुर लौट रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार के अंदर की सीट भी उखड़ गई थी। पूरी खबर पढ़ें
9- लखनऊ में बिजनेसमैन के अपार्टमेंट पर बुलडोजर चला, महिला मैनेजर सुसाइड केस में कार्रवाई
लखनऊ में सैलून मैनेजर सुसाइड केस में मुख्य आरोपी बिजनेसमैन के अपार्टमेंट पर बुलडोजर चला। अपार्टमेंट में अवैध निर्माण को जमींदोज किया गया। उसका होटल, सैलून और 3 कारें भी सीज की गई। दरअसल, आरोपी शरद सिंह के सैलून में मैनेजर रत्ना ने 12 मई को जान दे दी थी। सुसाइड से पहले एक वीडियो बनाया था जिसमें बिजनेसमैन, उसकी पत्नी पर आरोप लगाया था। पूरी खबर पढ़ें
10- मुजफ्फरनगर में हिंदू मोर्चा का ऐलान, अध्यक्ष बोले- राजकुमार भाटी को जूता मारने पर 1100 देंगे
मुजफ्फरनगर में सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी के बयान पर संयुक्त हिंदू मोर्चा के अध्यक्ष मनोज सैनी ने घोषणा की है कि जो व्यक्ति राजकुमार भाटी को जूता मारेगा, उसे प्रति जूता 1100 रुपये का इनाम दिया जाएगा। भाटी अगर मुजफ्फरनगर आते हैं तो उनका मुंह काला किया जाएगा। दरअसल, भाटी ने एक मुहावरा सुनाते हुए ब्राह्मण समाज और वेश्या की तुलना की थी। पूरी खबर पढ़ें
11- बांदा में लोन के लिए युवक टॉवर पर चढ़ा, बस्ती में प्रेमिका ने किया हंगामा
यूपी में रविवार को टॉवर पर चढ़ने की तीन अलग-अलग घटनाएं हुई। बांदा में एक युवक 25 लाख रुपए लोन के लिए मोबाइल पर चढ़ गया। कहा- बिना गारंटी उसे लोन नहीं मिल रहा। बस्ती में प्रेमी से शादी करने के लिए युवती टॉवर पर चढ़कर काफी देर तक हंगामा की। जबकि शाहजहांपुर में शादीशुदा प्रेमिका के लिए प्रेमी टॉवर पर चढ़ गया। प्रेमिका के वहां आने पर वह उतरा। पूरी खबर पढ़ें
12- प्रयागराज में गंगा में दो सगे भाई डूबे, फतेहपुर में 6 दोस्त रिंद नदी में डूब गए
प्रयागराज में दो सगे भाई गंगा नदी में डूब गए तो फतेहपुर में 6 दोस्त रिंद नदी में डूबे लेकिन दो को जीवित बचा लिया गया। दरअसल, गंगा नदी में दो भाई अपने दोस्तों के साथ नहाने गए थे। छोटा भाई डूबने लगा तो बड़ा भाई उसे बचाने कूदा लेकिन दोनों डूब गए। उधर, फतेहपुर में रिंद नदी में नहाने गए 6 दोस्त गहरे पानी में डूब गए। 4 की डूबने से मौत हो गई, 2 युवक बचाए गए। पूरी खबर पढ़ें
13- ललितपुर में दो सांप 30 मिनट तक लड़ते रहे, लोगों की भीड़ जुटी
ललितपुर में दो सांपों के लड़ने-खेलने का वीडियो सामने आया है। दोनों जमीन से कई फीट ऊंचाई पर एक दूसरे से कभी लड़ते नजर आ रहे तो कभी लिपटते दिखे। दोनों सांपों की लंबाई करीब 7 फीट थी। करीब 30 मिनट तक वे उछल-कूद करते रहे। सांपों को देखकर काफी संख्या में भीड़ इकट्ठा हो गई। हालांकि, भीड़ के शोर और हलचल के बाद वे वहां से झाड़ियों में निकल गए। पूरी खबर पढ़ें
खबर जो हटकर है…
14- चूहा लेकर थाने पहुंची महिला, बोली-पड़ोसी परेशान कर रहा
नोएडा के एक्सप्रेसवे थाने में एक महिला मरा हुआ चूहा लेकर पहुंच गई। महिला ने खुद को एनिमल लवर बताते हुए कहा कि मेरा पड़ोसी चूहे मारकर दरवाजे पर फेंक दे रहा है। महिला ने थाने में जैसे ही सबूत के तौर पर मरा हुआ चूहा रखा, पुलिसवाले भी हैरान रह गए। पुलिसवालों ने महिला को लिखित शिकायत करने की बात कही। हालांकि, उसने लिखित शिकायत नहीं की। पूरी खबर पढ़ें
कैसा रहेगा कल का मौसम…
15- यूपी कैबिनेट मीटिंग
18 मई को सीएम योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में कैबिनेट की मीटिंग बुलाई गई है। मंत्रिमंडल विस्तार के बाद कैबिनेट की यह पहली बैठक हैं।
कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…

