लखनऊ में चलती स्कॉर्पियो में महिला से रेप की कोशिश:कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाया, चलती गाड़ी से धक्का दिया
लखनऊ के वजीरगंज इलाके में जमीन के दस्तावेज देने के बहाने एक विधवा महिला को स्कॉर्पियो में बैठाकर दुष्कर्म की कोशिश की गई। आरोपियों ने कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाने के बाद अश्लील हरकत शुरू कर दी। महिला का आरोप है कि विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपियों ने सीएमओ कार्यालय के पास चलती गाड़ी से धक्का दे दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्लॉट के लिए 50 हजार दिए थे रायबरेली रोड निवासी पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया उसके पति की कुछ समय पहले मृत्यु हो चुकी है और उसके दो बच्चे हैं। महिला की पहचान नगराम के हुसैनाबाद दूल्हापुर निवासी प्रॉपर्टी कारोबारी रंदीप से थी। रंदीप ने बलराम कश्यप के नाम का करीब 800 वर्गफीट का प्लॉट दिलाने की बात कही थी। 21 मई को प्लॉट दिखाया गया, जो पसंद आने पर महिला ने आरोपियों को 50 हजार रुपए नकद दे दिए। महिला का कहना है कि खतौनी, बैनामा, खसरा और धारा-80 के आदेश की कॉपी मांगने पर आरोपियों ने दो-चार दिन का समय लिया और 29 मई को कैसरबाग सिविल कोर्ट बुलाया। वहां से रंदीप उसे रेजीडेंसी स्थित लेसा गेट के रास्ते नारी नाट्य कला केंद्र के पास ले गया, जहां काली स्कॉर्पियो में बलराम पहले से मौजूद था। दोनों ने वकील से कागजात लाने का बहाना बनाकर महिला को गाड़ी में बैठा लिया। गाड़ी का शीशा और गेट पीटकर शोर मचाया पीड़िता का आरोप है कि कई बार मना करने के बावजूद उसे कोल्डड्रिंक पिलाई गई। आधी बोतल पीते ही उसका सिर चकराने लगा और उसे सुस्ती महसूस होने लगी। इस दौरान दोनों आरोपियों ने उसके साथ अश्लील हरकतें कीं, दुपट्टा हटाकर गलत तरीके से छेड़छाड़ की और दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला ने गाड़ी का शीशा और दरवाजा पीटते हुए शोर मचाया तो आरोपी उसे सीएमओ कार्यालय के पास सड़क पर धक्का देकर फरार हो गए। महिला किसी तरह खुद को संभालकर ऑटो से घर पहुंची। उसका आरोप है कि 6 जून को आरोपी रंदीप ने अपने और अन्य लोगों के नंबरों से फोन कर शिकायत करने पर उसे और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी दी। वजीरगंज थाना प्रभारी राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। महिला के बयान दर्ज कराए जा रहे हैं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link

